Vaibhav Suryavanshi Demand Money to Childrens for Selfie Video Viral: IPL 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया को अपना दीवाना बनाने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी इन दिनों मैदान के बाहर भी अपने अंदाज से सुर्खियां बटोर रहे हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वैभव का एक बेहद प्यारा और मजाकिया अंदाज देखने को मिला. वीडियो में वैभव एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में बैठे नजर आ रहे हैं, तभी दो छोटे बच्चे उनके पास आकर सेल्फी की गुजारिश करते हैं. वैभव ने बच्चों के साथ मजाक करते हुए बड़ी गंभीरता से कहा, "भाई मैं फोटो के लिए पैसे लेता हूं, सही बोल रहा हूं, 100 रुपये लूंगा दोगे तो बोलो." बच्चे भी अपने इस पसंदीदा खिलाड़ी के साथ यादें संजोने के लिए तुरंत 200 रुपये हाथ में लेकर तैयार हो गए, लेकिन तभी वैभव ने हंसते हुए कहा कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे.
Vaibhav Suryavanshi tricked young fans by asking 100rs per photo, then told them it's a prank and clicked a photo with them. 😂❤️ pic.twitter.com/iwh9naGcK4
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) April 27, 2026
इसके बाद उन्होंने बड़े प्यार से बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और नन्हे प्रशंसकों ने भी खुशी-खुशी उन्हें 'थैंक्यू' बोला. वैभव के इस मजाकिया और जमीन से जुड़े व्यवहार (Down to earth) की लोग खूब सराहना कर रहे हैं. मैदान की बात करें तो 15 साल का यह 'वंडर किड' इस वक्त टी20 क्रिकेट में तबाही मचा रहा है. वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में इतिहास रचते हुए टी20 फॉर्मेट में 1000 रन पूरे करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है. उनकी सबसे यादगार पारी 25 अप्रैल 2026 को जयपुर के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ आई, जहां उन्होंने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया और कुल 37 गेंदों में 103 रनों की पारी खेली.
अपनी इस विस्फोटक फॉर्म के दम पर वैभव अब IPL इतिहास में सबसे तेज 2 शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. जिस छोटी सी उम्र में बच्चे क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे होते हैं, उस उम्र में वैभव ने अपनी पावर-हिटिंग और सूझबूझ से अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. फैंस अब उन्हें टीम इंडिया की नीली जर्सी में खेलते देखने के लिए बेताब हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं