विंडीज के खिलाफ सीरीज जारी है, लेकिन करोड़ों फैंस की नजरें और बातें हफ्ते भर बाद न्यूजीलैंड की धरती पर शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज पर जा टुकी हैं. बातें, चर्चा और पूर्व दिग्गजों के बयानों का दौर शुरू हो चुका है. न्यूजीलैंड के महान बॉलरों में से एक टिम साउदी का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार से भारतीय टीम को मजबूती मिलेगी. और उनका मानना है कि वह ब्लैक कैप्स (न्यूजीलैंड) के खिलाफ एक बड़ा प्रभाव डालेंगे. और इसके पीछे साऊदी ने कई वजह गिनाई हैं.अगले हफ्ते T20I टीम के पांच मैचों के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर जाने के साथ ही भुवनेश्वर कुमार चार साल बाद भारत के लिए वापसी करने वाले हैं. एक दिलचस्प संयोग के रूप में, 36 वर्षीय भुवनेश्वर उसी देश में भारतीय ड्रेसिंग रूम में लौट रहे हैं जहां उन्होंने नवंबर 2022 में देश के लिए अपना आखिरी मैच खेला था.
'हर चरण में भारत के लिए प्रभावी'
साउदी ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित एक मीडिया बातचीत में कहा, 'आप इस समय दुनिया भर के कई गेंदबाजों को देखें (तो पाएंगे कि) उनके पास बहुत गति और बहुत सारे एक्स-फैक्टर हैं, लेकिन भुवी जो एक चीज़ लाते हैं, वह है पारी में नियंत्रण. जिस तरह से वह नई गेंद की शुरुआत कर सकते हैं और उसका उपयोग कर सकते हैं, तथा पारी का अंत कर सकते हैं. वह जरूरत पर टीम के लिए किसी भी चरण में उपयोगी साबित होने की क्षमता रखते हैं. साथ ही उनका अनुभव, भारतीय खेमे में उनका होना अगली पीढ़ी के भारतीय गेंदबाजों की भी मदद करेगा.'
'बाउंस का फायदा उठाने में सक्षम'
साउदी ने कहा कि साल के इस समय न्यूजीलैंड की पिचें गेंदबाजों का काफी अधिक पक्ष लेंगी. पूर्व कीवी कप्तान ने कहा, 'एक गेंदबाज के तौर पर आप यह सोचना चाहेंगे कि साल के इस समय (वसंत ऋतु में) पिचों से थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन क्यूरेटर सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए यथासंभव एक अच्छी पिच तैयार करने की कोशिश करेंगे. न्यूजीलैंड में आपको एक चीज़ जो मिलती है, वह है उछाल (बाउंस), जो आपको हमेशा भारत में नहीं मिलती. इसलिए मुझे लगता है कि यह उन चीज़ों में से एक है जिससे उपमहाद्वीप की टीमें न्यूजीलैंड आने पर संघर्ष करती हैं. पर भुवनेश्वर इन हालात का फायदा लेने में सक्षम हैं.'
'अपने खेल को पहले से बेहतर जानते हैं'
साउदी ने आगे कहा, 'वह भारत के लिए एक और मौका मिलने से रोमांचित होंगे, जिसकी उन्होंने शायद उम्मीद नहीं की थी, लेकिन मुझे लगता है कि आईपीएल में उनके प्रदर्शन के दम पर वह निश्चित रूप से एक और अवसर के हकदार हैं. वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो शायद अपने खेल को पहले से कहीं बेहतर जानते हैं और मुझे लगता है कि भारतीय टीम से दूर रहने के समय के बाद यह ऐसा अवसर है जिसके आने की उन्होंने शायद उम्मीद नहीं की होगी. मैं कल्पना कर सकता हूं कि मानसिक रूप से वह काफी अच्छी स्थिति में होंगे.'
F.A.Q= Frequently Asked Questions से जानें सीरीज को लेकर तमाम बातें
प्र.1 :- भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 सीरीज की शुरुआत कब से हो रही है और इसमें कुल कितने मुकाबले खेले जाएंगे?
उ.: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस रोमांचक T20 सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर 2026 से हो रही है. इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच कुल 5 T20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जो 1 नवंबर 2026 तक चलेगी.
प्र.2 :- इस T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान किसे सौंपी गई है और उप-कप्तान कौन हैं?
उ.: इस T20 सीरीज के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण वाली टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी है, जबकि विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. इसके अलावा इस सीरीज में कई युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है.
प्र.3 :- भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 मुकाबले भारतीय समयानुसार (IST) कितने बजे से शुरू होंगे?
उ.: सीरीज के सभी पाँचों T20 मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे (IST) से शुरू होंगे (न्यूजीलैंड के स्थानीय समयानुसार यह मैच रात 8:00 बजे शुरू होगा).
प्र.4 :- भारत और न्यूजीलैंड T20 सीरीज के सभी मैच न्यूजीलैंड के किन-किन स्टेडियमों (वेन्यू) पर खेले जाएंगे ?
उ.: यह पूरी सीरीज न्यूजीलैंड के चार अलग-अलग प्रमुख मैदानों पर आयोजित की जाएगी:
पहला और दूसरा T20: हेगले ओवल, क्राइस्टचर्च
तीसरा T20: वेलिंग्टन रीजनल स्टेडियम, वेलिंग्टन
चौथा T20: ईडन पार्क, ऑकलैंड
पाँचवा T20: सेडन पार्क, हैमिलटन
प्र.5 :- भारतीय दर्शक इस T20 सीरीज का लाइव प्रसारण टीवी और मोबाइल पर कहां देख सकते हैं?
उ.: भारत में इस सीरीज का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) चैनलों पर किया जाएगा, और इसकी लाइव स्ट्रीमिंग (Online Streaming) सोनीलिव (SonyLIV) ऐप व वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं