- पंजाब को चार IPS गौरव उप्पल, पूर्वा चौधरी, निहाल रंधावा और डॉ. गुरसिमरत सिंह ढिल्लों मिले हैं
- पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इन अधिकारियों का सोशल मीडिया पर दिल से स्वागत किया और शुभकामनाएं दी हैं
- गौरव उप्पल ने यूपीएससी में अखिल भारतीय स्तर पर 174वीं रैंक हासिल की और कपूरथला के निवासी हैं
IPS Punjab Police: पंजाब को भारतीय पुलिस सेवा के चार नए अधिकारी मिले हैं. ये चारों अधिकारी पंजाब कैडर में साल 2025 बैच के प्रोबेशनर आईपीएस हैं. पंजाब पुलिस महानिदेशक आईपीएस गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर चारों नए आईपीएस अधिकारियों गौरव उप्पल, पूर्वा चौधरी, निहाल रंधावा और डॉ. गुरसिमरत सिंह ढिल्लों का शानदार स्वागत किया है तथा उन्हें पंजाब में अपने पुलिस सेवा के सफर की शुरुआत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि "पंजाब कैडर के 2025 बैच के IPS प्रोबेशनर्स गौरव उप्पल, पूर्वा चौधरी, निहाल रंधावा और डॉ. गुरसिमरत सिंह ढिल्लों का पंजाब पुलिस परिवार में दिल से स्वागत है.
पंजाब डीजीपी ने आगे लिखा कि वे पंजाब में अपनी सेवा का सफर शुरू कर रहे हैं. सभी चारों अधिकारियों को एक सफल और संतोषजनक करियर के लिए दिल से शुभकामनाएं देता हूं. वे प्रोफेशनलिज्म, ईमानदारी और कमिटमेंट के सबसे ऊंचे मानदंड स्थापित करें, और पंजाब के लोगों की निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ सेवा करें. उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित एक शानदार और सफल सफर की शुभकामनाएं."

IPS गौरव उप्पल कौन हैं?
पंजाब के कपूरथला निवासी गौरव उप्पल ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में अखिल भारतीय स्तर पर 174वीं रैंक हासिल की थी. गौरव ने पंजाब के बाबा बकाला में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत रहते हुए यूपीएससी में यह सफलता प्राप्त की. गौरव ने दिल्ली से बीटेक करने के बाद नोएडा में एक साल तक निजी कंपनी में नौकरी की थी.

Who is IPS Gaurav Uppal?
कपूरथला के राजेश कुमार के बेटे गौरव ने सिविल सेवा में जाने के संकल्प के साथ निजी नौकरी छोड़ दी और यूपीएससी की तैयारी शुरू की. साल 2021 और 2022 में उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. आखिरकार साल 2023 में यूपीएससी क्रैक कर वे अपने होम कैडर पंजाब में आईपीएस बने.
यह भी पढ़ें | 'पंजाब को अच्छे IPS की जरूरत है', इसलिए MBBS के बाद गुरसिमरत सिंह ने 4 बार पास की UPSC
IPS गुरसिमरत सिंह ढिल्लों कौन हैं?
होम कैडर पंजाब में पदभार संभालने वाले आईपीएस अधिकारी गुरसिमरत सिंह ढिल्लों मूल रूप से पटियाला के रहने वाले हैं. पटियाला में पले-बढ़े गुरसिमरत सिंह ने सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी. उन्होंने अपने माता-पिता की तरह डॉक्टर बनने के बजाय सिविल सेवक बनने की राह चुनी.

Who is IPS Gursimrat Singh Dhillon?
उन्हें आईपीएस बनने की प्रेरणा अपने मामा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मिली, जो स्वयं आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं. गुरसिमरत सिंह ने वर्ष 2021 में पहली बार यूपीएससी परीक्षा पास की, जिसके बाद उन्हें दानिप्स कैडर आवंटित हुआ और वे दिल्ली में एसीपी बने. इसके बाद भी उनका प्रयास जारी रहा और साल 2024 में अखिल भारतीय स्तर पर 598वीं रैंक हासिल कर वे पंजाब कैडर में आईपीएस बनने में सफल रहे.
IPS पूर्वा चौधरी कौन हैं?
पंजाब कैडर में 2025 बैच की आईपीएस अधिकारी पूर्वा चौधरी मूल रूप से राजस्थान के जयपुर की निवासी हैं. उनके पिता ओम प्रकाश सहारण राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के वरिष्ठ अधिकारी हैं और वर्तमान में जोधपुर में एडीएम (ADM) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें | IPS पूर्वा चौधरी SVPNPA पासिंग आउट परेड के बाद हुईं भावुक, नानी-मां के सिर कैप रख बोला-'मां तुझे सलाम'

पूर्वा चौधरी ने अपनी शुरुआती स्कूली शिक्षा जयपुर के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स स्कूल से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) से स्नातक की डिग्री हासिल की. पूर्वा चौधरी को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अपने तीसरे प्रयास में सफलता मिली. उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 533वीं रैंक हासिल की, जिसके आधार पर उन्हें पंजाब कैडर आवंटित किया गया.
IPS निहाल रंधावा कौन हैं?
भारतीय पुलिस सेवा के युवा अधिकारी निहाल रंधावा पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में अखिल भारतीय स्तर पर 108वीं रैंक हासिल की और शानदार प्रदर्शन के दम पर अपने होम कैडर पंजाब में आईपीएस अधिकारी के रूप में चयनित होने में सफलता प्राप्त की.
यह भी पढ़ें | 19 साल की प्रियंका प्रजापत रक्षा मंत्रालय में ऑडिटर बनीं, पहली बार गांव पहुंची, स्वागत को उमड़े लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं