भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनकी धार अभी कम नहीं हुई है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप-ए मुकाबले में भुवनेश्वर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और उत्तर प्रदेश को चंडीगढ़ पर 30 रन की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
190 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. भुवनेश्वर कुमार ने अनुभवी बल्लेबाज मनन वोहरा को जल्दी पवेलियन भेजकर उत्तर प्रदेश को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद चंडीगढ़ ने वापसी की कोशिश की, लेकिन डेथ ओवरों में भुवनेश्वर ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
19वें ओवर में पलटा मैच
चंडीगढ़ की टीम एक समय मुकाबले में बनी हुई थी, लेकिन 19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने लगातार दो गेंदों पर भगमेंदर लाथर और चिरागवीर ढिंडसा के विकेट लेकर विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और अनुभव के आगे चंडीगढ़ की बल्लेबाजी टिक नहीं सकी और टीम 20 ओवर में 160/8 रन ही बना पाई. भुवनेश्वर ने अपने चार ओवर के स्पेल में 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और टीम की जीत के सबसे बड़े नायक साबित हुए.
आर्यन जुयाल ने खेली तूफानी पारी
इससे पहले उत्तर प्रदेश ने विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 20 ओवर में 190/7 का स्कोर बनाया. जुयाल ने सिर्फ 28 गेंदों में नाबाद 64 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. कप्तान करण शर्मा ने भी 33 रन का योगदान दिया. इस जीत के साथ उत्तर प्रदेश ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई. वहीं चंडीगढ़ की टीम चार मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ सातवें स्थान पर बनी हुई है.
उत्तर प्रदेश 30 रन से विजयी
भुवनेश्वर कुमार की दमदार गेंदबाजी और आर्यन जुयाल की तूफानी बल्लेबाजी उत्तर प्रदेश की जीत की सबसे बड़ी वजह रही. टीम इंडिया से दूर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज ने इस प्रदर्शन से एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित कर दी.
मैच का नतीजा
उत्तर प्रदेश: 190/7 (20 ओवर)
चंडीगढ़: 160/8 (20 ओवर)
यह भी पढ़ें- PM मोदी से मुलाकात के बाद चला SKY का बल्ला! सूर्याकुमार यादव ने फॉर्म में वापसी का बताया राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं