विज्ञापन

बाबर आजम का धमाका, 'सेना' देशों के खिलाफ बनाया गजब का रिकॉर्ड, खास कारनामा करने वाले बने पहले पाकिस्तानी

बाबर आजम पाकिस्तान की तरफ से 'सेना' देशों के खिलाफ 9000 या 9000 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. खबर लिखे जाने तक 31 वर्षीय बल्लेबाज ने 'सेना' देशों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 45.94 की औसत से 9006 रन बनाए हैं. 

बाबर आजम का धमाका, 'सेना' देशों के खिलाफ बनाया गजब का रिकॉर्ड, खास कारनामा करने वाले बने पहले पाकिस्तानी
बाबर आजम ने रचा इतिहास

मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान (Australia Tour Of Pakistan 2026) के दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (30 मई 2026) को रावलपिंडी में खेला गया. जहां पाकिस्तान की टीम 45 गेंद शेष रहते पांच विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के हीरो जरूर अराफात मिन्हास रहे. जिन्हें ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. मगर अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) के प्रदर्शन को भी भुलाया नहीं जा सकता है. टीम के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 94 गेंदों का सामना किया. इस बीच 73.40 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 69 रन बनाने में कामयाब रहे. जिसके बदौलत पाक टीम आसानी से लक्ष्य को हासिल करने में कामयाब रही. 

बाबर आजम ने रचा इतिहास 

मैच के दौरान बाबर आजम ने एक विशेष उपलब्धि भी हासिल की. वह पाकिस्तान की तरफ से 'सेना' (SENA) देशों के खिलाफ 9000 या 9000 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. खबर लिखे जाने तक 31 वर्षीय बल्लेबाज ने 'सेना' देशों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 45.94 की औसत से 9006 रन बनाए हैं. 

पाकिस्तान के इन बल्लेबाजों ने भी 'सेना' देशों के खिलाफ मचाई है धूम 

बाबर आजम के बाद पाकिस्तान की तरफ से 'सेना' देशों के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक हैं. इंजमाम ने 'सेना' देशों के खिलाफ 39.53 की औसत से 8224 रन बनाए हैं. दूसरे और तीसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज जावेद मियांदाद और मोहम्मद यूसुफ का नाम आता है. इन दोनों दिग्गजों ने 'सेना' देशों के खिलाफ क्रमशः 7902 और 7085 रन ठोके हैं. 

पाकिस्तान की तरफ से 'सेना' देशों के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चुनिंदा बल्लेबाज 

9006 रन - बाबर आजम - औसत 45.94
8224 रन - इंजमाम-उल-हक - औसत 39.53
7902 रन - जावेद मियांदाद - औसत 49.69)
7085 रन - मोहम्मद यूसुफ - औसत 39.80 

बाबर आजम का वनडे करियर 

बाबर आजम ने पाकिस्तान की तरफ से खबर लिखे जाने तक कुल 141 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 138 पारियों में 53.85 की औसत से 6570 रन निकले हैं. जिसमें 20 शतक और 38 अर्धशतक शामिल है. 158 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली सर्वोच्च शतकीय पारी है. 

बाबर आजम का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर 

मौजूदा समय में बाबर आजम पाकिस्तान की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज हैं. ग्रीन टीम के लिए उन्होंने 2015 से खबर लिखे जाने तक कुल 348 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 388 पारियों में 45.35 की औसत से 15647 रन निकले हैं. जिसमें 32 शतक और 108 अर्धशतक शामिल है. 

यह भी पढ़ें- RCB vs GT आईपीएल फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हुआ तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें अहमदाबाद का मौसम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com