पिछले महीने ही श्रीलंका में मैदान पर भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई पेसर के बीच मैदान पर जो देखने को मिला, वास्तव में उसने क्रिकेटप्रेमियों का जायका खराब कर दिया था. इस पर दिगग्जों ने खासी प्रतिक्रिया दी थी. कमेंटेटर हर्षा भोगले ने रिएक्ट किया, तो जायसवाल भी जवाब देने से नहीं रोक सके. बात आई गई हो गई, लेकिन फैंस यह जानना चाहते थे कि आखिर श्रीलंकाई पेसर ने जायसवाल को ऐसा क्या कह दिया, जिससे वह आपा खो बैठे. अब इस घटना के लगभग एक महीने बाद भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने खुलासा किया है कि जायसवाल ने उन्हें इस नोकझोंक के बारे में क्या बताया था.
यह भी पढ़ें: क्या भारत ने जापान के खिलाफ चीटिंग की? पूर्व ओपनर ने कही 'वाइड बॉल' पर बड़ी बात, नियम ने बता दिया पूरा सच
'जायसवाल को जश्न पर कोई आपत्ति नहीं थी'
यह घटना दूसरे टेस्ट के पहले दिन के शुरुआती सत्र के दौरान हुई थी. जायसवाल 45 रन बनाकर आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी कर रहे थे. और 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर श्रीलंकाई गेंदबाज द्वारा आउट होने से पहले वह उस ओवर में फर्नांडो को तीन चौके भी जड़ चुके थे. फर्नांडो ने विकेट मिलने का जश्न एक आक्रामक सेंड-ऑफ के साथ तब मनाया, जब जायसवाल ड्रेसिंग रूम की तरफ वापस जा रहे थे. हालांकि, भारतीय बल्लेबाज ने जल्द ही मुड़कर श्रीलंकाई गेंदबाज की तरफ वापस वॉक किया, जिसके बाद तीखी झड़प देखने को मिली.
जुरेल ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा से बातचीत में कहा, 'जब वह आउट हुए, तो वह चुपचाप ड्रेसिंग रूम की तरफ वापस जा रहे थे. उन्होंने कुछ नहीं कहा. अगर आप फुटेज देखेंगे, तो जायसवाल तुरंत मुड़े क्योकि श्रीलंकाई पेसर अविष्का फर्नांडो उन्हें गाली दे रहा था. जायसवाल ने मुझे बताया कि वह लगातार उसे गालियां दे रहा था.' जुरेल के मुताबिक, जायसवाल को फर्नांडो के विकेट लेने के जश्न से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन व्यक्तिगत रूप से गाली दिए जाने पर बात बढ़ गई थी. जुरेल ने आगे कहा, 'जायसवाल ने उससे कहा, 'ठीक है कि तुमने मेरा विकेट लिया. तुम सामान्य आक्रामकता दिखा सकते हो, लेकिन तुम मुझे गाली नहीं दे सकते.'
'वह कभी शुरुआत नहीं करते'
राज रॉयल्स में जायसवाल के साथी खिलाड़ी रहे जुरेल ने ओपनर का वर्णन ऐसे खिलाड़ी के रूप में किया जो आमतौर पर खुद बहस की शुरुआत नहीं करते हैं, लेकिन उकसाए जाने पर जवाब देने से पीछे नहीं हटते हैं. जब चोपड़ा ने कहा कि क्या जायसवाल एक "लड़ाकू किस्म के खिलाड़ी" हैं जो उकसाने पर करारा जवाब देते हैं, तो जुरेल ने इस पर सहमति जताई. जुरेल ने कहा, '100 प्रतिशत वह कभी इसकी शुरुआत नहीं करेंगे. मैंने उन्हें कभी ऐसा करते नहीं देखा. वह हमेशा अपने जोन में रहते हैं. वह हमेशा अपनी बल्लेबाजी के बारे में सोचते हैं. लेकिन अगर आप हमें उकसाएंगे, तो हम भी उसका जवाब देंगे.' इस टकराव के चलते आखिरकार दोनों पक्षों के खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा, जिससे मैदान पर चल रही तनावपूर्ण बहस का अंत हुआ. इस घटना के बाद जायसवाल और फर्नांडो दोनों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन के लिए सजा दी गई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं