हैमिल्टन के सेडन पार्क में भारत-न्यूजीलैंड के बीच सीरीज के पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एक मेगा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. टीम इंडिया से मिले 192 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक कैप्स को पारी की 9वीं गेंद पर फिन एलन के रूप में पहला झटका लगा. अर्शदीप ने अपने मैच के पहले ही ओवर में ईशान किशन के हाथों उन्हें कैच करा पवेलियन की राह दिखाई. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 99 पारियों में पावरप्ले में अर्शदीप का 65वां शिकार था. इसके साथ ही अर्शदीप फुल मेंबर नेशन में शुरुआती छह ओवरों में संयुक्त रूप से सबसे अधिक शिकार करने वाले गेंदबाज बन गए हैं. पूर्व कीवी गेंदबाज टिम साउदी ने भी इतने ही शिकार किए हैं.
टी20 अंतरराष्ट्रीय में पूर्ण सदस्य देशों में पावरप्ले के अंदर सबसे अधिक शिकार करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे और चौथे स्थान पर जिम्बाब्वे के गेंदबाज है. ब्लेसिंग मुज़राबानी ने 95 पारियों में 62 शिकार कि एहैं जबकि रिचर्ड नगारवा ने 96 पारियों में 62 विकेट झटके हैं. वहीं पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी भी टॉप-5 में शामिल है. उन्होंने 99 पारियों में 1-6 ओवरों के अंदर 60 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई है.
T20I में 1-6 ओवरों के बीच सबसे ज़्यादा विकेट (फुल मेंबर टीमें)
- 65 अर्शदीप सिंह (99 पारियां)
- 65 टिम साउथी (119)
- 62 ब्लेसिंग मुज़राबानी (95)
- 62 रिचर्ड नगारवा (96)
- 60 शाहीन अफरीदी (99)
ईशान-अय्यर की तूफानी पारी
बात अगर मैच की करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए. टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. अभिषेक शर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. संजू सैमसन 10 गेंदों का सामना करने के बाद 4 रन बनाकर आउट हुए. 19 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने उबारा. दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी निभाई.
ईशान किशन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने अपना अर्धशतक महज 28 गेंदों में पूरा किया. ईशान ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 61 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और पांच छक्के लगाए. वहीं, अय्यर ने 22 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. वह 23 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए. तिलक वर्मा कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए.
नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने अंतिम ओवरों में शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने मिलकर 30 गेंदों में 46 रनों की साझेदारी निभाई. नमन 23 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंदों में 22 रन बनाए. भुवनेश्वर कुमार ने 6 रन बनाए. न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में एडम मिल्ने ने 4 ओवर के स्पेल में महज 19 रन खर्च करते हुए 4 विकेट चटकाए. वहीं, ब्लेयर टिकनर और नाथन स्मिथ ने दो-दो विकेट लिए.
यह भी पढ़ें: VIDEO: कैच भी पकड़ा, जश्न भी मना लिया... फिर पलटा खेल, किस्मत ने बचाया तो ईशान किशन ने ठोक दी फिफ्टी
यह भी पढ़ें: 'भारत में भगवान जैसे हैं विराट', RCB ड्रेसिंग रूम में कोहली को देखकर जैकब डफी दंग रह गए थे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं