Ajinkya Rahane's pension amount: हाल ही में सभी अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेटों से संन्यास का ऐलान करने वाले भारतीय पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को पूर्व दिग्गजों की तरफ से जैसा सम्मान मिला, वह बताने के लिए काफी है कि इस बल्लेबाज को मीडिया में वह कद नहीं मिला, जो दिग्गजों ने बयां किया.बहरहाल, रहाणे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रहाणे को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से मासिक पेंशन और बाकी लाभ मिलेंगे. भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेलने वाले रहाणे बीसीसीआई की सेवानिवृत्त खिलाड़ी कल्याण योजना के तहत सर्वोच्च श्रेणी में आते हैं, जिसके तहत वे आजीवन मासिक पेंशन और चिकित्सा लाभ के हकदार हैं.
ताउम्र मिलेगी अच्छी खासी रकम
अजिंक्य रहाणे बीसीसीआई के पेंशन की पात्रता के शीर्ष ब्रैकेट में आते हैं. बीसीसीआई की खिलाड़ी कल्याण नीति के तहत जो पूर्व क्रिकेटर 25 या उससे अधिक टेस्ट मैच खेल चुके हैं, उन्हें 70,000 रुपये की मासिक पेंशन मिलती है. और 85 टेस्ट मैचों के साथ, रहाणे इस मानदंड को आसानी से पूरा करते हैं और उन्हें जीवन भर यह पेंशन मिलेगी. हालांकि, इस नीति में एक महत्वपूर्ण शर्त शामिल है.
इस अवधि में रुक जाएगी पेंशन
..और वह यह है कि यदि रहाणे बीसीसीआई के साथ कोई वेतनभोगी आधिकारिक भूमिका निभाते है, तो उस नियुक्त अवधि के लिए उन्हें पेंशन भुगतान नहीं दिया जाएगा. उदाहरण के तौर पर राष्ट्रीय चयनकर्ता. लेकिन जैसे ही वह इस पद से हटते हैं, तो उनकी मासिक पेंशन फिर से शुरू हो जाएगी.
यह सुविधा भी अच्छी है!
रहाणे को बाकी योजना के तहत चिकित्सा कवरेज भी शामिल है. रहाणे बीसीसीआई-इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन (आईसीए) कल्याण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य बीमा के हकदार हैं. यह योजना पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों, उनके जीवनसाथी और 25 वर्ष से कम उम्र के अविवाहित बच्चों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान करती है. पूर्व खिलाड़ी बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अधीन, बड़े उपचार खर्चों के लिए बीसीसीआई के चिकित्सा परोपकारी कोष के माध्यम से अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी मांग सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं