Afghanistan Squad vs India:अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम में लौट आए हैं. नवीन दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने के बाद इस तीन मुकाबलों की सीरीज का हिस्सा होंगे. नई दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान की मेजबानी में सीरीज के तीन मैच 13, 15 और 17 सितंबर को आयोजित होंगे. यह सीरीज इब्राहिम जादरान के लिए अफगानिस्तान के फुल-टाइम टी20 कप्तान के तौर पर पहला असाइनमेंट भी होगा. जादरान को राशिद खान के स्थान पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीरीज शुरू होने से पहले तैयारी कैंप के लिए अफगानिस्तान की टीम जल्दी भारत पहुंचेगी. नवीन को दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज और आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होना पड़ा था. अब उनकी वापसी से अफगानिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा.
नवीन-उल-हक तेज गेंदबाजी विभाग में फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ शामिल होंगे। टीम में अनुभवी सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर गुलबदीन नायब की भी वापसी हुई है, जबकि घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले अनकैप्ड विकेटकीपर-बल्लेबाज नूर रहमान को पहली बार टीम में बुलाया गया है. राशिद खान, नूर अहमद, नांगेलिया खरोटे, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी की बदौलत अफगान खेमे का स्पिन विभाग भी मजबूत है.
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीब खान ने एक बयान में कहा, "अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमेशा सभी जरूरी प्रतियोगिताओं के लिए एक संतुलित और पूरी तरह से तैयार टीम चुनने की हर संभव कोशिश की है. हमने भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भी यही तरीका अपनाया है. मुझे उम्मीद है कि अफगानिस्तान की टीम इन मैचों में शानदार प्रदर्शन करेगी। यह बहुत गर्व की बात है कि अफगानिस्तान पहली बार किसी बड़े क्रिकेट खेलने वाले देश की मेजबानी कर रहा है. यह अफगान क्रिकेट की अपने मुख्य लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में हुई प्रगति को दर्शाता है और दिखाता है कि हम संगठन द्वारा तय किए गए रणनीतिक लक्ष्यों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं."
अफगानिस्तान की टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अमतुल्लाह ओमरजाई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेलिया खरोटे, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक। रिजर्व: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल, फरीद अहमद मलिक
टी-20 सीरीज का शेड्यूल:
| तारीख | मैच | वेन्यू |
| 13 सितंबर, 2026 | पहला T20I | अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली |
| 15 सितंबर, 2026 | दूसरा T20I | अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली |
| 17 सितंबर, 2026 | तीसरा T20I | अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली |
ये भी पढ़ें- IND vs SL: श्रीलंका में भारत ने रचा इतिहास, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, WTC में ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी
ये भी पढ़ें- ऋषभ पंत नंबर 1, धोनी नंबर 5, एशिया में सबसे तेज 1500 रन बनाने दुनिया के टॉप 5 विकेटकीपर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं