विज्ञापन

पांचवें लिस्ट ए शतक से चूके अभिषेक शर्मा, शतक नहीं फिर भी छा गए, श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में मचाया धमाल

सेमीफाइनल में अभिषेक शर्मा ने श्रीलंका-ए के खिलाफ 63 गेंदों में 78 रन की शानदार पारी खेली. 11 चौके और एक छक्का लगाने वाले अभिषेक अपने लिस्ट ए करियर के पांचवें शतक से चूक गए, लेकिन भारत-ए को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

पांचवें लिस्ट ए शतक से चूके अभिषेक शर्मा, शतक नहीं फिर भी छा गए, श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में मचाया धमाल
अभिषेक शर्मा सेमीफाइनल में शतक से चूके

स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा गुरुवार को एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में शतक से चूक गए. श्रीलंका-ए के खिलाफ दोहा में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 63 गेंदों पर 78 रन की शानदार पारी खेली. अभिषेक ने 11 चौके और एक छक्का लगाया, लेकिन अपने लिस्ट ए करियर का पांचवां शतक पूरा नहीं कर सके. हालांकि, उनकी पारी की बदौलत भारत-ए ने 317 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन बनाए और श्रीलंका-ए के सामने 318 रन का विशाल लक्ष्य रखा. भारत-ए को तेज शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए. वैभव ने 27 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे.

वैभव के आउट होने के बाद अभिषेक ने कप्तान तिलक वर्मा के साथ पारी को आगे बढ़ाया. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 83 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की. अभिषेक ने अपनी 78 रन की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया. उनका स्ट्राइक रेट 123.81 का रहा. हालांकि, शानदार लय में दिख रहे अभिषेक अपने लिस्ट ए करियर का पांचवां शतक लगाने से चूक गए और 78 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

26 वर्षीय अभिषेक का लिस्ट ए क्रिकेट में रिकॉर्ड भी शानदार रहा है. उन्होंने अब तक 72 मैचों में 2365 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं. इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 170 रन है. अभिषेक के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और 66 गेंदों पर 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. उन्होंने कुमार कुशाग्र (21) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े.

एक समय भारत-ए ने 235 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे, लेकिन शाहबाज अहमद ने निचले क्रम में आकर तेज बल्लेबाजी की. उन्होंने तनुष कोटियान (28) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 गेंदों में 73 रन की साझेदारी की. शाहबाज 48 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी पारी में चार छक्के शामिल रहे. श्रीलंका-ए की ओर से रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानागे और निपुण धनंजय ने दो-दो विकेट लिए. वहीं, गरुका संकेथ और लाहिरू समरकून को एक-एक सफलता मिली.

अब भारत-ए की नजर फाइनल के टिकट पर है. इस मुकाबले की विजेता टीम रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान-ए और बांग्लादेश-ए के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से भिड़ेगी

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Abhishek Sharma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com