AB de Villiers on Vaibhav Sooryavanshi debut : वैभव सूर्यवंशी के भारतीय प्लेइंग XI में शामिल करने की मांग के बावजूद उनकी जगह नहीं बन पा रही है. उम्मीद थी कि वह आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करेंगे, लेकिन उन्हें बाहर रखा गया और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 के लिए भी भारतीय प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया. ऐसे में अब एबी डिविलियर्स ने इस मुद्दे पर अपनी राय दी है और बताया है कि आखिर वैभव को मौका कब मिलना चाहिए. एबी ने खासकर भारत के बैटिंग कोच और भारत की रणनीति पर सीधा सवाल दागा है.
ये बात मेरे समझ से परे
एबी डिविलियर्स ने अपने YouTube चैनल पर इस बारे में बात की और कहा, "उन्हें कब मौका मिलेगा? मुझे लगा था कि आयरलैंड सीरीज उनके लिए इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव लेने का सही मौका था. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें मौका नहीं मिला. मैं रयान टेन डोशेट की इस बात से सहमत नहीं हूं कि वैभव सूर्यवंशी को भी किसी दूसरे खिलाड़ी की तरह ही प्रक्रिया से गुजरना होगा. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद, उन्हें मुश्किल चुनौतियों के लिए तैयार करने का सही समय था, खासकर आयरलैंड जैसी कमजोर टीम के खिलाफ."
इस साल की शुरुआत में अंडर-19 वर्ल्ड कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बनने और आईपीएल 2026 में 237 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने के बाद, वैभव सूर्यवंशी ज़बरदस्त फ़ॉर्म में हैं.
यूके की परिस्थितियों में सफल होने के लिए, एबी डिविलियर्स ने भारतीय बल्लेबाजों को लगातार आक्रामक क्रिकेट खेलने की सलाह दी. बेलफास्ट में आयरलैंड के अनुशासित गेंदबाज़ी आक्रमण के सामने भारतीय टीम लड़खड़ा गई और 0-2 से सीरीज हार गई, टीम ने 18.5 ओवर में 148 रन और 20 ओवर में 153/9 रन बनाए थे.
ऐसे में एबी ने कहा, "टीम इंडिया को अभी कुछ काम करने की जरूरत है, उन्हें फिर से एकजुट होने, नई रणनीति बनाने और यूके में खेलने का तरीका खोजने की जरूरत है. वहां की परिस्थितियों में खेलना आसान नहीं है, जहां स्कोर आईपीएल जैसे नहीं होते. वहां आपको 250 या 260 रन देखने को नहीं मिलते. वहां खेल ज्यादा रणनीतिक और टैक्टिकल होता है, जहां कभी-कभी 140 या 160 रन भी काफी होते हैं.
4 जुलाई को सीरीज का दूसरा टी-20 मैच
आपको फिर भी मजबूत शुरुआत करनी होती है और खेल में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, ठीक टेस्ट क्रिकेट की तरह. इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों में खेलते समय भारत को अपने टी-20 सेटअप में यही समझने की जरूरत है. सही मौके का इंतजार करें और फिर तेजी से रन बनाएं. कभी-कभी जरूरत पड़ने पर थोड़ा संभलकर खेलने के लिए भी तैयार रहें." अब इंग्लैंड और भारत के बीच दूसरा T20मैच 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा. देखना होगा कि दूसरे मैच में वैभव को डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं,
ये भी पढ़ें- राहुल द्रविड़ के बेटे समित का तूफानी अंदाज, टी20 लीग में दिखाया 360 डिग्री अवतार
ये भी पढ़ें- संजू सैमसन को ड्रॉप कर वैभव सूर्यवंशी को देना चाहिए मौका? चेतेश्वर पुजारा ने दिया जवाब
ये भी पढ़ें- IND vs ENG: अभिषेक शर्मा का टी-20 में तहलका, सबसे कम गेंदों में 100 छक्के लगाने का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं