आईपीएल (IPL 2026) के दौरान जरूर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का बल्ला खामोश गुजरा था. मगर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करते हुए उन्होंने एक बार फिर से विध्वंसक रूप अपना लिया है. मौजूदा समय में वह भारतीय टीम के साथ टेस्ट फॉर्मेट में अफगानिस्तान के खिलाफ शिरकत कर रहे हैं. जहां उनका प्रचंड रूप देखने को मिला है. जिसे देख हर कोई हैरान है. भारतीय टीम के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने तो उनकी तुलना अमेरिकी लड़ाकू विमान F-35 स्टील्थ फाइटर के साथ कर दी है. 48 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर का कहना कि पंत का मूल्यांकन उनकी तरफ से बनाए गए रनों के आधार पर होना चाहिए, ना कि उनके आउट होने के तरीके के आधार पर. भारतीय दिग्गज ने जोर देते हुए कहा कि स्टील्थ फाइटर जेट को वाणिज्यिक विमान की तरह संचालित नहीं किया जाना चाहिए.
स्टार स्पोर्ट्स के साथ हुई चर्चा के दौरान चोपड़ा ने कहा कि पंत को उप-कप्तानी के पद से अनुचित तरीके से हटाया गया. किसी को उनकी बल्लेबाजी शैली पर बदलाव के लिए बल नहीं देना चाहिए. उन्होंने कहा, 'बेहद कीमती रन. आप कह सकते हैं कि उप-कप्तानी के पद से हटाना परिणाम था. मगर वह पद देना भी अच्छे प्रदर्शन का ही नतीजा था. वह सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर शिरकत कर रहे थे. उप-कप्तानी रहते हुए ही उन्होंने ऐसा कौन सा फैसला लिया जो टीम के लिए सही नहीं था? टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने कोई गलती नहीं की थी. मेरे हिसाब से उन्हें गलत तरीके से दंडित किया गया है.'
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'वह काफी निराश होंगे. 81 रन पर आउट मत होइए. उस पारी को 150 रनों में बदलिए. क्योंकि अगली बार उन्हें इस आधार पर आंका जा सकता है कि उन्होंने कितने रन बनाए हैं. समस्या पूरी तरह से उनकी नहीं है. हम सोचते हैं कि वह कोई शॉट खेलते हुए आउट हो जाते हैं तो यह गलत है. उसे रनों के आधार पर आंकिए, ना कि वह कैसे आउट हुआ उसके आधार पर. F35 एक स्टील्थ फाइटर है. उसे कमर्शियल प्लेन मत बनाइए.'
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ प्लेइंग XI में मिलेगा मौका? दिग्गज ने बताया किसके साथ हो जाएगा अन्याय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं