क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त हो चुका है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो चुका है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला रविवार यानी कि आज तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है. जहां वेस्टइंडीज की सलामी जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है. दरअसल, आज के मुकाबले से पूर्व भारतीय सरजमीं पर खेलते हुए वेस्टइंडीज की तरफ से ओपनर बल्लेबाजों ने पिछली बार शतकीय साझेदारी साल 2002 में की थी. उस दौरान क्रिस गेल और वावेल हिंड्स ने वडोदरा में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 132 रन जोड़े थे. मगर तिरुवनंतपुरम में जारी वनडे मुकाबले में जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 135 रन जोड़ते हुए गेल और हिंड्स के चले आ रहे 24 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
भारत के खिलाफ करीब सात साल बाद वेस्टइंडीज के ओपनरों ने जड़ा शतक
यही नहीं वेस्टइंडीज के ओपनरों ने भारत के खिलाफ करीब सात साल बाद वनडे फॉर्मेट में शतक लगाया है. आज के मुकाबले से पूर्व पिछली बार भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज के ओपनर बल्लेबाजों ने 2019 में शतकीय साझेदारी की थी. उस दौरान पोर्ट ऑफ स्पेन में उम्दा बल्लेबाजी करते हुए क्रिस गेल और एविन लुईस ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े थे.
जॉन कैंपबेल अर्धशतक लगाकर लौटे पवेलियन
भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में पारी का आगाज करते हुए जॉन कैंपबेल का प्रदर्शन सराहनीय रहा. टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए उन्होंने कुल 60 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 103.33 की स्ट्राइक रेट से 62 रन बनाने में कामयाब रहे. जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं. मैच के दौरान उन्हें कुलदीप यादव ने पी कृष्णा के हाथों कैच आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया.
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी पर भारतीय खिलाड़ी का बड़ा बयान, कहा- 'मैं उससे जलता नहीं हूं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं