जस्टिन ग्रीव्स ने तिरुवनंतपुरम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए कमाल कर दिया है. उन्होंने वनडे करियर का अपना पहला शतक पूरा कर लिया है. आज के मुकाबले से पूर्व उनका वनडे में व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर 50 रनों का था. मगर भारत के खिलाफ खेली गई यह बेहतरीन पारी अब उनकी वनडे करियर की सर्वोच्च पारी हो गई है. पारी का आगाज करते हुए शुरू से ही ग्रीव्स जबरदस्त लय में नजर आए. उन्होंने पहले जॉन कैंपबेल के साथ पहले विकेट के लिए 135 रनों की शतकीय साझेदारी की. उनके पवेलियन लौट जाने के बाद भी उन्होंने अपना धैर्य नहीं छोड़ा और अपने वनडे करियर का पहला सैकड़ा पूरा करने में कामयाब रहे.
ग्रीव्स ने 96.15 की स्ट्राइक रेट से पूरा किया शतक
जस्टिन ग्रीव्स ने अपने वनडे करियर का पहला शतक 104 गेंदों में पूरा किया. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 96.15 का रहा. आउट होने से पूर्व 32 वर्षीय बल्लेबाज ने कुल 108 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 93.51 की स्ट्राइक रेट से 101 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 12 खूबसूरत चौके देखने को मिले. ग्रीव्स को कुलदीप यादव ने एलबीडब्ल्यू करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया.
जस्टिन ग्रीव्स का वनडे करियर
जस्टिन ग्रीव्स ने खबर लिखे जाने तक वेस्टइंडीज की तरफ से कुल 26 वनडे मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 24 पारियों में 607 रन निकले हैं. जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है.
ग्रीव्स का गेंदबाजी प्रदर्शन
वहीं बात करें ग्रीव्स के गेंदबाजी प्रदर्शन के बारे में तो उन्होंने 26 वनडे मुकाबलों की 12 पारियों में गेंदबाजी की है. इस बीच उन्हें 63.62 की औसत से आठ सफलता हाथ लगी है. 32 रन खर्च कर दो विकेट उनका एक मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
यह भी पढ़ें- 24 साल से हिले नहीं हिल रहा था गेल-हिंड्स का रिकॉर्ड, कैंपबेल-ग्रीव्स ने एक झटके में कर दिया चकनाचूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं