- भारत के एक मंदिर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषणों का सबसे बड़ा व्यक्तिगत चढ़ावा मिलने वाला है.
- चढ़ावे की अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है और दानदाता की पहचान गुप्त रखी गई है.
- चढ़ावे में 45 विशेष रूप से तैयार किए गए स्वर्ण आभूषण शामिल हैं, जिन्हें नौ सेटों में सजाया गया है.
भारत के एक मंदिर को 121 किलो सोने के आभूषण चढ़ावे में मिलने वाला है. इसे अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत चढ़ावा माना जा रहा है. इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है. हालांकि यह बेशकीमती चढ़ावा कौन दे रहा है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. मिली जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में स्थित भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर तिरुपति बालाजी को यह चढ़ावा मिलने वाला है. मंदिर प्रशासन के अनुसार इस महीने के अंत में एक अज्ञात भक्त तिरुमला मंदिर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण भेंट करने जा रहा है.
विशेष रूप से तैयार किए गए हैं 45 स्वर्ण आभूषण
इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के भी भगवान वेंकटेश्वर के पवित्र धाम तिरुमला का दौरा करने की संभावना है. प्रस्तावित भेंट को लेकर भक्त ने पहले ही तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अधिकारियों के साथ चर्चा की है. इस चढ़ावे में विशेष रूप से तैयार किए गए 45 स्वर्ण आभूषण शामिल हैं, जिन्हें नौ सेटों में सजाया गया है.

सीएम नायडू ने बताया- इस बेशकीमती चढ़ावे के पीछे की प्रेरणा
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी इस भक्त की असाधारण श्रद्धा और चढ़ावे के बारे में जानकारी साझा की थी. इस बेशकीमती चढ़ावे के बारे में सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भक्त ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के नाम पर एक कंपनी स्थापित की थी, जिसने बड़ी सफलता हासिल की. बाद में उसने कंपनी की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.5 अरब डॉलर में बेच दी.

दानदाता ने पहचान गुप्त रखने का किया है अनुरोध
सीएम नायडू के अनुसार, भक्त ने सोचा कि यह संपत्ति भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की कृपा से मिली है, इसलिए इसे उन्हीं को समर्पित कर देना चाहिए. इसी भावना से वह अब भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलोग्राम सोना भेंट कर रहा है.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भक्त ने अपनी पहचान गुप्त रखने का विशेष अनुरोध किया है. नायडू के अनुसार, भक्त ने उन्हें लिखे पत्र में कहा था, “सर, कृपया मेरा नाम सार्वजनिक न करें.”

एक व्यक्ति द्वारा दिया जाने वाला यह सबसे बज़ा चढ़ावा
भक्त की आस्था का उल्लेख करते हुए नायडू ने कहा कि उसने स्वतंत्र रूप से 121 किलोग्राम सोना दान करने का निर्णय लिया था, जबकि उसे यह जानकारी नहीं थी कि परंपरागत रूप से भगवान वेंकटेश्वर की मूर्ति पर लगभग 120 किलोग्राम आभूषण धारण कराए जाते हैं.
टीटीडी सूत्रों के अनुसार, यह प्रस्तावित भेंट मंदिर को किसी एक व्यक्ति द्वारा दिए जाने वाले स्वर्ण आभूषणों का अब तक का सबसे बड़ा दान माना जा रहा है. हालांकि, दानदाता की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है.
यह भी पढ़ें - 'लाइफटाइम' VIP दर्शन के लिए तिरुपति में करोड़पतियों की लाइन! 1 दिन में दान किए 97 करोड़ रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं