कैब सर्विस देने वाली कंपनी उबर ने भारत और दक्षिण एशिया के कारोबार की जिम्मेदारी राकेश रंजन को सौंपी है. राकेश रंजन 4 जनवरी, 2027 से उबर के प्रेसिडेंट (इंडिया और साउथ एशिया) का पद संभालेंगे. कंपनी ने 26 नवंबर को इसकी जानकारी दी. वह फिलहाल एलन ऑनलाइन के सीईओ हैं. इससे पहले वह जोमैटो के फूड ऑर्डरिंग और डिलीवरी बिजनेस के सीईओ रह चुके हैं.
2017 में जोमैटो से जुड़े थे राकेश रंजन
राकेश रंजन ने साल 2017 में जोमैटो जॉइन किया था. यहां उन्होंने करीब आठ साल तक काम किया और धीरे-धीरे कंपनी के फूड ऑर्डरिंग और डिलीवरी बिजनेस के प्रमुख बन गए. इस दौरान उन्होंने जोमैटो के फूड डिलीवरी कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. बाद में वह इस बिजनेस के सीईओ बने. जोमैटो छोड़ने के बाद राकेश रंजन एलन ऑनलाइन के सीईओ बने. अब वह उबर में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं. उबर के मुताबिक, इस पद के लिए 3 महीने से ज्यादा समय तक तलाश की गई थी.
उबर को क्यों अहम लग रहा है राकेश रंजन का अनुभव?
उबर को उम्मीद है कि राकेश रंजन का अनुभव भारत जैसे कॉम्पिटिटिव मार्केट में कंपनी के कारोबार को मजबूत करने में मदद करेगा. उन्हें बड़े कंज्यूमर बिजनेस को आगे बढ़ाने, सरकारी नीतियों और रेगुलेटरी चुनौतियों से निपटने का अनुभव है. कंपनी के मुताबिक, भारतीय ग्राहकों की जरूरतों की समझ, कारोबार को करीब से संभालने का तरीका और मीडिया और नीतिगत मामलों का अनुभव भी उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त बनाता है.
यह भी पढ़ें | अपने घर की बाइक-स्कूटर भी रैपिडो, ओला-उबर में चलाइए, 20 करोड़ दुपहिया मालिकों को मिलेगी मंजूरी
रैपिडो से मिल रही उबर को कड़ी चुनौती
राकेश रंजन ऐसे समय में उबर की जिम्मेदारी संभालेंगे, जब भारतीय बाजार में कंपनी को घरेलू कॉम्पटीटर रैपिडो से कड़ी चुनौती मिल रही है. रैपिडो ने अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाई है और बाजार में अग्रणी स्थान हासिल किया है. उबर अब अपनी रणनीति को ज्यादा प्रभावी बनाने और कारोबार को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है. कंपनी का कहना है कि भारत और दक्षिण एशिया उसके लिए लंबे समय के लिहाज से अहम बाजार हैं.
भारत में उबर का बड़ा टेक्नोलॉजी नेटवर्क
भारत उबर के लिए सिर्फ कैब और दूसरी कंज्यूमर सर्विसेज का बाजार नहीं है. कंपनी के अमेरिका के बाहर सबसे बड़े टेक्नोलॉजी सेंटर भारत में हैं. गौरतलब है कि उबर के पूर्व इंडिया मैनेजिंग डायरेक्टर प्रभजीत सिंह ने इस साल कंपनी छोड़ दी थी. वह अब ओपनएआई से जुड़ चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं