विज्ञापन

पत्नी के नाम FD, शेयर और गोल्ड में लगाया पैसा? तो टैक्स पति को ही भरना पड़ेगा, CA से जानें पूरा नियम

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के क्लबिंग ऑफ इनकम नियम में अगर कोई पति अपनी पत्नी को पैसे गिफ्ट करता है और उस पैसे से एफडी, शेयर या गोल्ड में निवेश करता है, तो उससे होने वाली कमाई पर पति को ही टैक्स देना होगा.

पत्नी के नाम FD, शेयर और गोल्ड में लगाया पैसा? तो टैक्स पति को ही भरना पड़ेगा, CA से जानें पूरा नियम
इनकम टैक्स के क्लबिंग ऑफ इनकम नियम को लेकर कई टैक्सपेयर्स कंफ्यूज रहते हैं. सीए से इसकी बारीकी को समझिए.
CANVA
  • इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 99 के तहत पत्नी के नाम निवेश पर होने वाली कमाई पति की आय में शामिल होती है
  • पत्नी को गिफ्ट किए गए पैसे से एफडी पर मिलने वाला ब्याज पति की कुल आय में जोड़कर टैक्स देना होगा
  • शेयर या म्यूचुअल फंड से होने वाला डिविडेंड और प्रॉफिट भी पति की आय में जोड़ा जाएगा और उसी पर टैक्स लगेगा

ITR भरने का समय चल रहा है. अब को आखिरी महीना यानी जुलाई भी आने वाला है. इनकम टैक्स के नियमों को लेकर अमूमन टैक्स पेयर्स के बीच में कंफ्यूजन दिखाई देता है. जानकारी के अभाव में कभी-कभी वो ऐसे फैसले ले लेते हैं, जो भविष्य में जाकर उन पर ही भारी पड़ते हैं. ऐसा ही एक नियम क्लबिंग ऑफ इनकम को लेकर है. दरअसर टैक्स पेयर्स सोचते हैं कि अगर अपनी कमाई का कुछ हिस्सा पत्नी के नाम से कही निवेश कर दिया जाए, तो ऐसे में वो टैक्स की देनदारी से बच सकते हैं. निवेश के लिए वो एफडी, शेयर या सोने का माध्यम चुनते हैं. पर ऐसा कतई नहीं है. टैक्स एक्सपर्ट से हमने इस पूरे मसले पर बात की. उनका कहना है कि इस तरह से किए निवेश पर होने वाले प्रॉफिट को टैक्सपेयर का ही एक हिस्सा माना जाता है. 

टैक्स एक्सपर्ट सीए राजा मंगला के अनुसार इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 99 के अनुसार क्लबिंग ऑफ इनकम का नियम इन सभी बातों को खत्म कर देता है. नियम के अनुसार आप सिर्फ अपनी पत्नी के नाम पर कोई संपत्ति ट्रांसफर करके बच नहीं सकते हैं. अगर पत्नी को पैसे देकर उन्हें कहीं निवेश किया है तो उससे होने वाली कमाई पर टैक्स पति को ही देना होगा. चलिए इसे अलग-अलग निवेशों के जरिए समझने की कोशिश करते हैं.

फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाली ब्याज

सीए राजा मंगला ने बताया कि मान लीजिए आपने अपनी पत्नी को 10 लाख रुपये गिफ्ट किए. इस पूरे पैसे की बैंक में एफडी करा दी. अब इस एफडी पर जो भी ब्याज मिलेगा, वो पत्नी की कमाई नहीं मानी जाएगी. इस ब्याज वाली कमाई को पति की टोटल इनकम में माना जाएगा और स्लैब के अनुसार उस पर टैक्स देना होगा. हां, यहां एक बात साफ कर देने वाली है कि अगर ब्याज के पैसे को फिर से कहीं निवेश में लगा दिया जाता है तो, उस पर होने वाली कमाई पत्नी की ही मानी जाएगी.

शेयर और डिविडेंड का मामला

मान लीजिए पत्नी को दिए 10 लाख रुपये से पति ने शेयर या म्यूचुअल फंड खरीद लिए, तो उनसे मिलने वाला डिविडेंड या होने वाला प्रॉफिट भी पति के अकाउंट में ही जुड़ेगा. फायदे के साथ अगर कोई नुकसान भी होता है तो उसे पति की इनकम में ही एडजस्ट किया जाएगा.

गोल्ड में निवेश 

सोने के मामले में भी यही पूरा नियम लगता है. पति ने पत्नी को दिए उन 10 लाख रुपये से सोना खरीद लिया और बेचकर एक मोटा प्रॉफिट कमाया तो इस कमाई पर पति ही टैक्स देगा. 

लोन और गिफ्टी की परिभाषा अलग

सीए राजा मंगला ने बताया कि टैक्स डिपार्टमेंट ये देखता है कि पैसा किस रूप में दिया है. अगर ये एक डॉक्यूमेंटेड लोन है तो नियम अलग होंगे. लेकिन ये सिर्फ एक गिफ्ट के तौर पर दिया है तो क्लबिंग का नियम लागू होगा. सिर्फ पत्नी ही नहीं, बल्कि घर के किसी भी मेंबर्स को गिफ्ट में कोई एसेट ट्रांसफर करता है तो उस पर होने वाली इनकम ट्रांसफर करने वाले शख्स की कमाई में जोड़ी जाएगी.

आईटीआर में छिपाने पर क्या होगा?

टैक्स एक्सपर्ट सीए राजा मंगला के अनुसार इस तरह की इनकम को आईटीआर भरते समय छिपाना नहीं चाहिए. दूसरे सोर्स से हुई इनकम या फिर कैपिटल गेन्स में इसका उल्लेख जरूरी है. अगर इसे छिपाया गया तो ये टैक्स चोरी का मामला बन जाएगा. वैसे भी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का सिस्टम इतना एडवांस है कि वो इन पैसों के सोर्स को तुरंत पकड़ लेगा. भारी जुर्माना और टैक्स डिमांड का नोटिस आना फिर पक्का ही समझो.

ये भी पढ़ें- निवेशकों की मौज! इस हफ्ते रेमंड,महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज ग्रुप समेत ये कंपनियां देंगी डिविडेंड, चेक करें पूरी लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Income Tax Return
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com