आने वाला हफ्ता निवेशकों के लिए खास होने वाला है. क्योंकि 10 नहीं 20 नहीं बल्कि 40 से ज्यादा कंपनियां अपने पिटारे से डिविडेंड का तोहफा शेयरहोल्डर्स को देने वाली हैं. इस लिस्ट में ऑटो सेक्टर की महिंद्रा एंड महिंद्रा से लेकर रेमंड और बजाज जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं. इसलिए अगर आपके पोर्टफोलियों में इन कंपनियों के शेयर हैं, तो फिर मार्केट पर पूरा फोकस बनाए रखिएगा. चलिए इस खबर में बताते हैं कि कौन सी कंपनी कब और कितना डिविडेंड देने वाली है.
एक्स-डिविडेंड और रिकॉर्ड डेट का मतलब समझिए
कंपनियों के बारे में जानने से पहले थोड़ा टेक्निकल टर्म समझना जरूरी है. इससे आप पूरी खबर को आसानी से समझ पाएंगे. एक्स डिविडेंड डेट एक अहम तारीख होती है, जिसके जरिए पता चलता है कि एक्स निवेशक को डिविडेंड मिलेगा या नहीं. आसान भाषा में कहें तो अगर आप इस तारीख से पहले कंपनी के शेयर खरीद लेते हैं तो आप डिविडेंड के लिए एलिजिबल हैं.दूसरी तरफ रिकॉर्ड डेट वो दिन होता है, जब कंपनी अपनी बुक में शेयरहोल्डर्स के नाम चेक करती है.
इस हफ्ते कौन सी कंपनी कितना दे रही डिविडेंड?
- 29 जून
-हफ्ते की शुरुआत में यानी सोमवार को रेमंड लाइफस्टाइल के शेयर एक्स डिविडेंड ट्रेड करेंगे. कंपनी ने 2 रुपये के फेस वैल्यू वाले हर एक शेयर पर 1 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने का ऐलान किया है.
-कल्पतरु प्रोजेक्ट्स अपने शेयरहोल्डर्स को हर एक शेयर के बदले 11 रुपये का धमाकेदार फाइनल डिविडेंड दे रही है.
-सोमवार को ही ज्योति लैब्स अपने पिटारे से 3.50 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का तोहफा निकालेगी.
-कंसाई नेरोलैक पेंट्स निवेशकों को खुश करते हुए 2.50 रुपये का हर एक शेयर पर डिविडेंड दे रही है.
- 30 जून
मंगलवार को बजाज ग्रुप की कंपनियों में निवेशकों की मौज ही मौज होगी. ऐसा इसलिए क्योंकि ग्रुप की कई कंपनियां डिविडेंड दे रही हैं. हम आपको यहां बजाज होल्डिंग्स के बारे में बताएंगे क्योंकि ये कंपनी डिविडेंड देने के मामले में सभी से आगे है.
-कंपनी ने 80 रुपये का फाइनल डिविडेंड और 50 रुपये का स्पेशल डिविडेंड का ऐलान किया है. यानी 130 रुपये प्रति शेयर का बंपर फायदा.
-अगला नंबर महाराष्ट्र स्कूटर्स का है. बजाज ग्रुप की इस कंपनी ने 60 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड फाइनल किया है.
-इसके अलावा बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व क्रमश: हर शेयर पर 6 रुपये का फाइनल डिविडेंड और 1.50 रुपये का डिविडेंड देने का ऐलान किया है.
- 1 और 2 जुलाई
बजाज ग्रुप के बाद 1 और 2 जुलाई के मिड रेंज कंपनियों का जलवा छाया रहेगा.
-1 जुलाई को डीसीएम श्रीराम फाइन केमिकल्स 0.40 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देगी.
-इसके अलावा चेुम्बॉन्ड मटेरियल 2 जुलाई को 2 रुपये प्रति शेयर और लॉयड एंटरप्राइजेज 0.050 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दे रही है.
- 3 जुलाई
शुक्रवार यानी हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन मार्केट में निवेशकों के लिए एक बार फिर बड़ी हलचल होगी.
-ऑटो सेक्टर की दिग्गर कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा 33 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देगी.
-श्रीराम फाइनेंस 6 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देगी.
-भारत फोर्ज 6.50 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड और थरमैक्स 14 रुपये का फाइनल, 6 रुपये का स्पेशल डिविडेंड देगी.
-बैंकिंग सेक्टर मं भी हरियाली देखने को मिलेगी क्योंकि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अपने निवेशकों को 5 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देगा.
-फार्मा सेक्टर की बायोकोन कंपनी से 0.50 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं