Suger Price Hike reasons Explained: चीनी, गुड़ और खांड के दामों में हाल के दिनों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है. चीनी, जो कुछ महीने पहले तक 40-45 रुपये प्रति किलो के भाव में बिक रही थी जबकि गुरुवार को 60-62 रुपये के भाव बिक रही है. खुदरा बाजार में गुड़ के दाम भी 60 से 65 रुपये किलो हो गए हैं. गुड़ भी 40 से 45 रुपये किलो बिक रहा था, लेकिन इसके दाम भी 20 रुपये तक बढ़ गए हैं. NDTV ने दिल्ली के खुदरा बाजार में जाकर कीमतों में बढ़ोतरी का हाल जाना.
फुटकर व्यापारी विनय बताते हैं कि कांवर यात्रा शुरू होते ही चीनी के दाम बढ़ने लगे थे. हो सकता है रास्ता बंद होने से दाम बढ़े हों लेकिन बीते 20 दिन से चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. उन्होंने ग्राहकों की शिकायत को लेकर भी बात की. कहा, 'लोग हमसे कई तरह के सवाल कर रहे हैं शिकायत कर रहे हैं. दाम बढ़ने का कारण हमें भी नहीं मालूम है.'
विनय बताते हैं कि पिछले साल त्यौहार के सीजन में दाम बढ़े थे लेकिन केवल 2-3 रुपये की बढोतरी हुई थी. इस बार तो मंहगाई ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए. उन्होंने कहा कि चीनी के बढ़े दाम का असर मिठाइयों पर भी पड़ सकता है. बिस्किट, खांड, मिठाई वगैरह महंगी हो सकती हैं.

दिल्ली-NCR में जहां से आती है चीनी, वहां एथेनॉल उत्पादन भी
दिल्ली NCR में चीनी की सप्लाई धामपुर, त्रिवेणी, बजाज और वेब चीनी मिल से होती है. पश्चिमी यूपी की चीनी मिलें चीनी के साथ एथेनॉल उत्पादन भी करती हैं. चीनी के दाम में बढ़ोतरी को लेकर चीनी मिल के लोग क्या कहते हैं, ये जानने के लिए NDTV पहुंचा मनीष अग्रवाल के पास, जो चीनी के बड़े थोक बिक्रेता हैं.
मनीष अग्रवाल के मुताबिक चीनी के दाम बढ़ने के पीछे कोई एक कारण नहीं है बल्कि कई कारण हैं. पहला- चीनी उत्पादन मिलें इस सीजन में बंद रहती हैं. उनका कोटा सरकार निर्धारित करती है, उतना ही चीनी वो बेच सकते हैं.

दूसरी ओर त्यौहार का सीजन आने के चलते चीनी की मांग बढ़ी है. यानी सप्लाई कम है और डिमांड ज्यादा है. लेकिन ये तो हर साल होता है तो इसी साल इतना दाम क्यों बढ़ा? इसके जवाब में मनीष अग्रवाल कहते हैं कि सरकार ने एथेनॉल प्रोडक्शन को भी मंजूरी दी है तो एक कारण वो भी हो सकता है. हालांकि वो पक्के तौर पर नहीं कह सकते हैं. वो मानते हैं कि इतनी तेजी कभी नहीं देखी.
ये भी पढ़ें: इंडस्ट्री की परिभाषा तय, 9 जजों की बेंच का ऐतिहासिक फैसला, ट्रिपल टेस्ट से तय होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं