Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार आज यानी बुधवार, 4 नवंबर को गिरावट के साथ खुला. कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में फिसल गए. लेकिन अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के सस्पेंस के बीच कुछ ही मिनटों में बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव आया.शुरुआती कारोबार में दोनों इंडेक्स ने तेजी से रिकवरी की और हरे निशान में पहुंच गए.सुबह 9:34 बजे तक सेंसेक्स 411 अंक से ज्यादा चढ़ कर 77,329 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी में भी 116 अंकों की तेजी दर्ज की गई और यह 23,926 पर ट्रेड कर रहा था.
हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन 9:15 बजे BSE सेंसेक्स 262.31 अंक यानी 0.34% गिरकर 76,655.54 पर खुला. वहीं, NSE निफ्टी 50 भी 68.60 अंक यानी 0.29% की गिरावट के साथ 23,742.25 पर खुला.हालांकि, बाजार में यह गिरावट ज्यादा देर नहीं टिकी. शुरुआती मिनटों में ही खरीदारी बढ़ी और सेंसक्स निफ्टी ने शानदार वापसी की. इस तरह शेयर बाजार लगातार पांच कारोबारी सत्रों से बढ़त दर्ज की जा रही है. पिछले चार सत्रों में सेंसेक्स और निफ्टी करीब 5% चढ़ चुका है .
शेयर बाजार में इस उतार-चढ़ाव की बड़ी वजह अमेरिका में चल रहा मिडटर्म चुनाव है. निवेशक इस बात पर नजर गड़ाए हुए हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी (रिपब्लिकन) का अमेरिकी संसद पर कब्जा बरकरार रहता है या डेमोक्रेट्स बाजी मारते हैं. इस चुनावी नतीजे का सीधा असर मिडिल ईस्ट के तनाव, क्रूड ऑयल की कीमतों, एआई डेटा सेंटर्स और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ना तय है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिख रहा है.
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और आईटी शेयरों में सुस्ती
आज के कारोबार में सेक्टोरल आधार पर बाजार की चाल मिली-जुली देखने को मिली. निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी आईटी इंडेक्स में 0.79 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा मेटल, एनर्जी, प्राइवेट बैंक और पीएसयू बैंक के शेयरों में भी बिकवाली का दबाव और कमजोरी नजर आई.
फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों ने संभाला मोर्चा
कमजोर बाजार के बीच हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर के शेयरों ने बाजार को कुछ हद तक संभालने का काम किया. निफ्टी 500 हेल्थकेयर, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स और निफ्टी फार्मा सूचकांक में 0.23 प्रतिशत तक की हल्की बढ़त देखने को मिली, जिससे इस सेक्टर में निवेशकों का रुझान और भरोसा बना रहा.
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बढ़ा भरोसा
विदेशी निवेशकों (FII) ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में 68.37 अरब रुपये यानी करीब 721.66 मिलियन डॉलर के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की. प्रोविजनल आंकड़ों के मुताबिक, पिछले छह कारोबारी सत्रों में से पांच में विदेशी निवेशक नेट बायर रहे हैं.विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी से बाजार में उनके रुख में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. इससे घरेलू बाजार के सेंटीमेंट को भी सहारा मिल सकता है.
कच्चे तेल की कीमतों पर नजर
ब्रेंट क्रूड की कीमत बुधवार को करीब 103 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रही. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत करीब चार हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गई थी. यूक्रेन और ईरान में युद्ध खत्म करने को लेकर चल रही बातचीत के बीच तेल बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है.
यह भी पढ़ें | RBI का छोटे कारोबारियों को बड़ा तोहफा, सर्विस एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट के फॉरेक्स नियमों में दी ढील, जानें क्या बदला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं