भारतीय शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सत्र में आई भारी गिरावट के बाद आज शुरुआती कारोबार में ही अच्छी रौनक देखने को मिल रही है. कल की चौतरफा बिकवाली के बाद आज बाजार के सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ खुले हैं. सुबह के शुरुआती कारोबार में तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 187.63 अंक की बढ़त के साथ 76,388.31 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 57.75 अंक चढ़कर 23,878.85 के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया.बाजार की इस तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और बड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों द्वारा की जा रही खरीदारी है.
दोपहर के कारोबार में शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी
आज दोपहर में भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. दोपहर 12:41 बजे के करीब सेंसेक्स (BSE Sensex) 0.83% यानी 630 अंकों की भारी बढ़त के साथ 76,830 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 50 (Nifty 50) 0.65% यानी करीब 156 अंकों की उछाल के साथ 23,979 के स्तर पर पहुंच गया है और 24,000 के लेवल को छूने से महज कुछ ही अंक दूर है.
इन बड़ी कंपनियों के शेयरों में रही तेजी
आज सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स कंपनियों में से कई बड़े शेयरों में अच्छी बढ़त देखी जा रही है. मुनाफा कमाने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और कोटक महिंद्रा बैंक जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं, जिनके सहारे बाजार को ऊपर चढ़ने में मदद मिल रही है.
हालांकि कुछ बड़ी कंपनियों के शेयरों गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं. इन शेयरों में मारुति, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और टाटा स्टील के नाम शामिल हैं.
कच्चे तेल के दाम गिरने से भारत को हुआ बड़ा फायदा
कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने भारतीय अर्थव्यवस्था और बाजार के लिए एक संजीवनी का काम किया है. ब्रेंट क्रूड आज 1.02 प्रतिशत गिरकर 76.29 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है.
एक्सचेंज से मिले आंकड़ों के मुताबिक, इन विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को भी बाजार में 17.86 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे.
भारत और अमेरिका के बीच होने जा रही है ऐतिहासिक डील
घरेलू बाजार में आज निवेशकों का उत्साह बढ़ाने के लिए एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय खबर सामने आई है. अमेरिका के एक सीनियर अधिकारी के बयान के मुताबिक,अमेरिका और भारत एक बहुत ही ऐतिहासिक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं. इस बड़े समझौते के लागू होने के बाद अमेरिका के बेहतरीन सामानों के लिए 140 करोड़ की आबादी वाला बड़ा भारतीय बाजार खुल जाएगा और दोनों देशों को आपसी बराबरी के आधार पर व्यापार में बड़ा फायदा मिलेगा. इस खबर ने भी आज सुबह से निवेशकों के सेंटिमेंट को मजबूत करने का काम किया है.
दुनिया भर के बाजारों का क्या है हाल
अगर हम एशिया के दूसरे शेयर बाजारों की बात करें, तो आज सुबह मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है. जहां दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स मजबूती के साथ ऊपर कारोबार कर रहे हैं, वहीं जापान का निक्केई और शंघाई का कंपोजिट इंडेक्स कमजोरी के साथ लाल निशान पर बने हुए हैं. अमेरिकी शेयर बाजार भी भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे, जहां नैस्डैक में 2.21 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 1.44 प्रतिशत की बड़ी कमजोरी देखी गई थी.
बता दें कि भारतीय बाजार में भी मंगलवार को भारी खलबली मची थी, जब सेंसेक्स 893.39 अंक टूटकर 76,200.68 पर बंद हुआ था और निफ्टी भी 278.80 अंक का गोता लगाकर 23,824.10 के स्तर पर फिसल गया था, लेकिन आज की शुरुआती रिकवरी से बाजार को दोबारा संभलने का मौका मिला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं