Share Market Updates: जहां एक तरफ पूरा देश होली जमकर मना रहा है, वहीं शेयर मार्केट में बिकवाली का जबरदस्त दौर देखने को मिला. होली की छुट्टी के बाद जब निवेशक जोश के साथ लौटने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन ग्लोबल मार्केट में जंग की खबरों ने बाजार का माहौल हल्का कर दिया है. 4 मार्च के प्री-ओपन सेशन में ही गिफ्ट निफ्टी के 500 से ज्यादा अंकों की भारी गिरावट ने साफ कर दिया है कि आज निवेशकों को तगड़ा झटका लगने वाला है.
मार्केट ओपनिंग की बात करें तो सेंसेक्स 1,718.32 अंको की गिरावट के साथ 78.520 पर ट्रेड कर रहा है. वहीं निफ्टी में 512 अंकों की कमी आई और यह 24,352 पर खुला.
क्यों मची बाजार में खलबली?
बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में छिड़ा युद्ध है. ईरान-इजरायल के बीच तनाव अब सीधे टकराव में बदल चुका है. इस युद्ध की आग ने कच्चे तेल की कीमतों में घी डालने का काम किया है. ब्रेंट क्रूड देखते ही देखते $80 के पार निकल गया है, जो भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्था के लिए खतरे की घंटी है.
प्री-ओपन सेशन का हाल
- आज सुबह जैसे ही प्री-ओपन सत्र शुरू हुआ, बिकवाली का ऐसा दबाव दिखा कि निफ्टी के संभलने के सारे दांव फेल हो गए.
- गिफ्ट निफ्टी सुबह करीब 540 अंकों की गिरावट पर ट्रेड कर रहा था, जो 24,450 के स्तर के पास था.
- दक्षिण कोरिया का Kospi 7% से ज्यादा टूट चुका है, वहीं जापान का निक्केई और हांगकांग के बाजारों में भी हाहाकार मचा है.
- डॉलर के मुकाबले रुपया अपने ऑल टाइम लो लेवल पर पहुंच चुका है.
क्या करें निवेशक?
बाजार में फिलहाल India VIX 25% तक उछल चुका है. जानकारों की सलाह है कि इस भारी उतार-चढ़ाव में जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला ना लें. डिफेंस और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों पर नजर रखें, लेकिन नई खरीदारी से पहले युद्ध के हालात साफ होने का इंतजार करें.
गैस शेयरों पर दिखा दबाव
कतर ने एलएनजी प्लांट बंद करने का ऐलान किया है. इसका असर भारतीय गैस शेयरों पर पड़ा क्योंकि भारत अपनी एलएनजी खपत का 50% आयात करता है, जिसमें से 60% कतर और यूएई से आता है.
ओएनजीसी (-0.27%)
आईजीएल (-2.82)
बीपीसीएल (-3.76)
आईओसी (-3.83%)
गेल (-5.21%)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं