विज्ञापन

Stock Market Crash: ईरान-इजरायल युद्ध की आग में शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम! सेंसेक्स 1100 अंक लुढ़का

Stock Market Crash: हफ्ते के पहले ही दिन सोमवार को बाजार खुलते ही निवेशकों में डर का माहौल दिखा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1% से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई.

Stock Market Crash: ईरान-इजरायल युद्ध की आग में शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम! सेंसेक्स 1100 अंक लुढ़का
Stock Market Crash: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव ने भारतीय निवेशकों के करोड़ों रुपये पल भर में डुबो दिए हैं.
नई दिल्ली:

मिडिल ईस्ट में बढ़ते टेंशन और अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में खुला. सोमवार, 2 मार्च को निवेशकों में भारी अफरा-तफरी मच गई और सेंसेक्स-निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए. प्री-ओपन में ही BSE सेंसेक्स 2,743 अंक (3.38%) की भारी गिरावट के साथ 78,543 के स्तर पर आ गिरा. वहीं निफ्टी 50 भी 500 अंकों से ज्यादा लुढ़ककर 24,659 के नीचे पहुंच गया है. 

सेंसेक्स और निफ्टी में कोहराम

प्री-ओपन सेशन में आई भारी गिरावट के बाद बाजार में थोड़ा सुधार देखने को मिला है. सुबह 9:15 बजे BSE सेंसेक्स 1,193 अंक (1.47%) की गिरावट के साथ 80,093 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, निफ्टी 50 भी निचले स्तरों से रिकवर होकर अब 273 अंक (1.09%) की कमजोरी के साथ 24,905 के लेवल पर कारोबार कर रहा था.

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव ने भारतीय निवेशकों के करोड़ों रुपये पल भर में डुबो दिए हैं.

इन सेक्टर्स पर पड़ी सबसे ज्यादा मार

बाजार की इस गिरावट में सबसे ज्यादा नुकसान रियल्टी (प्रॉपर्टी), ऑयल एंड गैस और ऑटोमोबाइल सेक्टर को हुआ है, जो करीब 2% तक नीचे आ गए हैं. युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में 7% से ज्यादा का उछाल आया है, जिससे एयरलाइन कंपनियों के शेयरों पर भी बुरा असर पड़ा है. मिडिल ईस्ट में उड़ानों के रद्द होने से ट्रेवल और टूरिज्म से जुड़ी कंपनियां दबाव में हैं.

सेंसेक्स के ज्यादातर बड़े शेयरों में भारी बिकवाली

भारतीय शेयर बाजार में मचे इस कोहराम के बीच सेंसेक्स के ज्यादातर बड़े शेयरों में भारी बिकवाली देखी जा रही है. बाजार की इस गिरावट में इंटरग्लोब एविएशन (IndiGo), लार्सन एंड टुब्रो (L&T), इटरनल (Eternal), एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे दिग्गज शेयर सबसे ज्यादा टूटने वाले शेयरों की लिस्ट में शामिल रहे. बाजार में छाई इस चौतरफा लालिमा के बीच केवल भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) ही इकलौता ऐसा शेयर रहा, जो हरे निशान में टिकने और बढ़त बनाने में कामयाब हो सका.

एशियाई और अमेरिकी बाजारों का भी बुरा हाल

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के बाजार इस युद्ध की आग में जल रहे हैं. जापान का निक्केई (Nikkei) 1.5% और हांगकांग का हैंग सेंग (Hang Seng) 1.68% तक लुढ़क गया है. इससे पहले अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे. कल मंगलवार को शेयर बाजार में होली की छुट्टी है और आज निफ्टी की एक्सपायरी भी है, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव (Volatility) और भी ज्यादा बढ़ सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stock Market Crash, Sensex Today, Nifty
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com