SBI ATM Withdrawal Free: 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल के चलते लगातार 3 दिन बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रह सकती हैं. इसे देखते हुए देश के सबसे बड़े बैंक SBI ने बड़ा ऐलान किया है. बैंक कर्मचारियों की हड़ताल को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने 28-30 सितंबर के बीच सभी ATM लेनदेन को फ्री कर दिया है.
चाहे आप कितनी ही बार ATM से पैसे निकालें, आपको चार्ज नहीं देना होगा. SBI ने यह कदम ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया है, जिससे हड़ताल की अवधि में लेनदेन करने में कोई परेशानी न हो.
किन बैंकों के कार्ड पर पर नहीं लगेगा चार्ज?
SBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में बताया कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी आपकी बैंकिंग जरूरतों के लिए SBI की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. इसमें बताया गया है कि बैंकिंग सेवाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए SBI प्रतिबद्ध है और इस कड़ी में 28 से 30 सितंबर, 2026 तक ATM शुल्क माफ रहेगा.
यानी आपके पास SBI का डेबिट कार्ड न भी हो.... PNB का डेबिट कार्ड हो, बैंक ऑफ बड़ौदा का हो, इंडियन बैंक का हो, सेंट्रल बैंक का हो, यूनियन बैंक का हो या फिर एक्सिस और HDFC जैसे प्राइवेट बैंकों का हो, किसी कार्ड से भी SBI के एटीएम जाकर आप पैसे निकाल सकते हैं.

दूसरे बैंक का ATM यूज करने पर कितना चार्ज?
RBI के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, एटीएम (ATM) से पैसे निकालने के लिए अपने बैंक के एटीएम से हर महीने कम से कम 5 ट्रांजैक्शन (फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल) मुफ्त मिलते हैं, जबकि दूसरे बैंक के एटीएम से लिमिट लगी होती है.
- मेट्रो शहरों में 3 ट्रांजैक्शन और गैर-मेट्रो शहरों में 5 ट्रांजैक्शन प्रति माह मुफ्त हैं.
- फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कैश निकासी पर 23 रुपये + जीएसटी प्रति ट्रांजैक्शन लगता है.
- वहीं बैलेंस चेक या मिनी स्टेटमेंट पर 8.50 से 11 रुपये + जीएसटी लगता है.
- बैलेंस न होने पर फेल ट्रांजैक्शन पर 20 रुपये + जीएसटी का चार्ज लगता है.
बैंकों की ओर से ये सलाह दी जाती है कि अपनी फ्री एटीएम लिमिट को बचाने के लिए आप बैलेंस चेक करने के लिए यूपीआई (UPI) या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं.

रविवार को भी खुलेंगे बैंक, सारी सुविधाएं मिलेंगी
आम लोगों की बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार, 27 सितंबर 2026 को सामान्य रूप से काम करेंगे.
बयान में आगे कहा गया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है.

UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग पर अपडेट
बैंक ने आगे कहा कि हड़ताल के चलते ग्राहकों की सुविधाओं के लिए सभी ब्रांच रविवार को भी खुली रहेंगी. इसके अलावा, हड़ताल के दौरान UPI, IMPS, RTGS और NEFT भुगतान जैसी ऑनलाइन भुगतान की सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी.
इससे पहले बुधवार को वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है. ये हड़ताल वीकेंड के ठीक बाद हो रही है, इसलिए सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहले से ही जरूरी कदम उठाए हैं.
ये भी पढ़ें: Bank Strike: क्या 5-Day Banking के वादे से मुकर गई सरकार?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं