विज्ञापन

अगले महीने बढ़ेगी आपके लोन की EMI? दिसंबर में RBI कर सकता है रेपो रेट में 0.50% की बढ़ोतरी, SBI रिसर्च का बड़ा अनुमान

RBI दिसंबर की मौद्रिक नीति में रेपो रेट 0.50 फीसदी बढ़ा सकता है. SBI रिसर्च की रिपोर्ट में ब्याज दरों में बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान, जानें होम और कार लोन EMI पर क्या होगा असर.

अगले महीने बढ़ेगी आपके लोन की EMI? दिसंबर में RBI कर सकता है रेपो रेट में 0.50% की बढ़ोतरी, SBI रिसर्च का बड़ा अनुमान
RBI December MPC Meeting: अगले महीने जेब पर पड़ेगा सीधा असर, महंगी हो सकती है होम और कार लोन की EMI
NDTV इंडिया

RBI Repo Rate Hike: अगर आपने होम लोन, कार लोन या कोई दूसरा लोन लिया है, तो दिसंबर में आपकी EMI बढ़ सकती है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अपनी अगली मौद्रिक नीति में रेपो रेट 0.50 फीसदी यानी 50 बेसिस पॉइंट बढ़ा सकता है. SBI रिसर्च की ताजा रिपोर्ट में ब्याज दरों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, महंगाई में बढ़ती चिंता और आर्थिक हालात को देखते हुए RBI दिसंबर में बड़ा कदम उठा सकता है.

25 से 50 बेसिस पॉइंट तक पहुंचा अनुमान, महंगाई बनी बड़ी वजह

SBI रिसर्च ने अक्टूबर में अपनी रिपोर्ट में रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट बढ़ोतरी का अनुमान लगाया था. हालांकि, नवंबर में जारी रिपोर्ट में इसे घटाकर 25 बेसिस पॉइंट कर दिया गया था. उस समय रुपये पर कम दबाव, मजबूत कैश फ्लो और उम्मीद से कम महंगाई जैसे घरेलू हालात को देखते हुए यह अनुमान लगाया गया था. अब नई रिपोर्ट में कहा गया है कि 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी का अनुमान सही लग रहा था, लेकिन बदलते हालात में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी ज्यादा बेहतर ऑप्शन हो सकता है. दूसरी तिमाही में मजबूत GDP ग्रोथ के बावजूद महंगाई 6 फीसदी तक पहुंचने की चिंता है.

महंगाई के अनुमान में बदलाव कर सकता है RBI

SBI रिसर्च के मुताबिक, RBI दिसंबर की मौद्रिक नीति में 2027 की आने वाली तिमाहियों के लिए महंगाई के अनुमान बढ़ा सकता है. इससे ब्याज दरों में बड़ी बढ़ोतरी को सही ठहराने में मदद मिल सकती है. रिपोर्ट में AI कंपनियों के अस्थिर वैल्यूएशन, टेक सेक्टर के वादों की जांच, शेयर बाजार में सुधार और वित्तीय स्थिरता से जुड़ी चिंताओं का भी जिक्र किया गया है.

50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी क्यों जरूरी?

एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट बताती है, RBI सामान्य लिक्विडिटी मैनेजमेंट के जरिए कॉल मनी रेट को पॉलिसी रेट के करीब रखना पसंद करता है, न कि MSF रेट के करीब. ऐसे में बाजार में लिक्विडिटी कम करके अप्रत्यक्ष रूप से ब्याज दरें बढ़ाने का ऑप्शन मुश्किल नजर आता है. इसलिए दिसंबर में सीधे 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी बेहतर हो सकती है. हालांकि, रिपोर्ट मे यह भी कहा गया है कि ब्याज दरों में एक साथ इतनी बड़ी बढ़ोतरी असाधारण कदम होगा. इससे बॉन्ड यील्ड में तेजी आ सकती है और बाजार इसे आगे भी दरें बढ़ाने के संकेत के तौर पर देख सकता है.

होम और कार लोन लेने वालों पर क्या होगा असर?

अगर RBI रेपो रेट बढ़ाता है, तो EBLR से जुड़े होम लोन और MSME लोन पर इसका असर जल्दी पड़ सकता है. फ्लोटिंग रेट वाले कर्जदारों की EMI बढ़ सकती है या लोन की अवधि लंबी हो सकती है. SBI रिसर्च का मानना है कि बड़ी बढ़ोतरी से आर्थिक विकास को लेकर चिंता भी बढ़ सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, ब्याज दरें बढ़ने से लोग शेयर बाजार (इक्विटी) के बजाय बॉन्ड या डेट में ज्यादा पैसा लगा सकते हैं, जिससे शेयरों में आने वाला निवेश धीमा पड़ सकता है. इस फैसले का असर करंसी मार्केट पर भी दिख सकता है और रुपया दबाव में आ सकता है.

FY28 की पहली तिमाही में रुख बदल सकता है RBI

SBI रिसर्च ने अनुमान लगाया है कि वित्त वर्ष 2028 की पहली तिमाही में RBI अपनी मौद्रिक नीति का रुख बदलकर 'न्यूट्रल' कर सकता है. इसकी संभावना 70 फीसदी बताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में महंगाई अपने उच्चतम स्तर को पार कर सकती है.

अब सबकी निगाहें दिसंबर की आरबीआई बैठक पर टिकी हैं. गर आरबीआई सच में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करता है, तो इसका सीधा असर लोन की किस्तों से लेकर बाजार की चाल तक पर दिखेगा.

यह भी पढ़ें | आंध्र प्रदेश में ₹1.27 लाख करोड़ की रिफाइनरी लगाएगी BPCL, पेट्रोल-डीजल की कमी दूर करेगी ये मेगा प्रोजक्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
RBI Repo Rate Hike, RBI MPC Meeting 2026, RBI Monetary Policy Meeting, Home Loan EMI Hike, RBI Interest Rate Hike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com