दिवाली में अब कुछ ही दिन बचे हैं और बाजारों में जोर-शोर से खरीदारी जारी है. डिजिटल पेमेंट का तो खूब इस्तेमाल हो ही रहा है, कैश यानी नकद में भी शॉपिंग की जा रही है. खुदरा बाजारों में 100-200 रुपये से छोटे नोटों की भी खूब जरूरत पड़ती है. इस बीच बाजारों में 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की कमी होने की खबर आ रही है. सोशल मीडिया पर ऐसा दावा किया जा रहा है. इस दावे के साथ केंद्रीय बैंक RBI के नाम से एक सर्कुलर भी वायरल है.
इसी कथित सर्कुलर के साथ 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों की कमी होने का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. व्हाट्सऐप पर शेयर किए जा रहे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के कथित सर्कुलर में कहा गया है कि त्योहार के दौरान छोटे मूल्यवर्ग के नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं होंगे.
हालांकि, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने इस दावे को फर्जी बताया है. PIB फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया कि RBI ने छोटे मूल्यवर्ग के नोटों की उपलब्धता को लेकर ऐसी कोई घोषणा नहीं की है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेश में किए गए दावे पूरी तरह गलत हैं.
10, 20 और 50 रुपये के नोटों की छपाई कम?
व्हाट्सऐप पर प्रसारित कथित सर्कुलर में 27 अक्टूबर 2026 की तारीख और RBI/2026-27/124 का संदर्भ दिया गया है. इसमें दावा किया गया है कि कम नकदी वाली इकोनॉमी को बढ़ावा देने और डिजिटल भुगतान बढ़ाने के उद्देश्य से 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की छपाई धीरे-धीरे कम की जा रही है.
संदेश में लोगों को दिवाली के दौरान कैश यानी नकदी की जरूरत पहले से पूरी करने की सलाह भी दी गई है. साथ ही UPI, कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल पेमेंट माध्यमों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही गई है.
🚨 Beware of False Claims! A message being circulated on WhatsApp claims that the RBI has announced that new ₹10, ₹20 and ₹50 denomination banknotes may not be available in sufficient quantities ahead of Diwali. #PIBFactCheck: ❌ The claim is FAKE. ✅ The @RBI has made NO such announcement regarding the availability of small denomination banknotes. ℹ️ Verify information through official sources and do not share unverified claims.
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) November 2, 2026
RBI के लोगो के साथ फर्जी सर्कुलर का सच
वायरल दस्तावेज में रिजर्व बैंक का लोगो, कथित सर्कुलर नंबर और गवर्नर के नाम का इस्तेमाल किया गया है. इसमें छोटे नोटों की उपलब्धता को लेकर एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी होने का दावा किया गया है.
हालांकि, PIB फैक्ट चेक ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि RBI ने दिवाली से पहले छोटे नोटों की कमी को लेकर कोई घोषणा नहीं की है.
PIB ने लोगों को सलाह दी है कि वे बैंकिंग और करेंसी से जुड़ी खबरों पर भरोसा करने से पहले उनकी आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि करें. बिना जांचे-परखे किसी संदेश को आगे साझा करने से गलत जानकारी फैल सकती है.
सोशल मीडिया पर RBI के नाम से प्रसारित किसी भी सर्कुलर या घोषणा की पुष्टि RBI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है.
यह भी पढ़ें | देश की पहली बुलेट ट्रेन ऐसे हो रही तैयार, देखिए VIDEO, बेंगलुरु की इस फैक्ट्री में रेल मंत्री ने लिया हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं