- बाजारों में दिवाली से पहले इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाइयां और सजावटी सामान खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है
- सदर बाजार में सुरक्षा के लिए फ्लैग मार्च, फेसियल रिकग्निशन सिस्टम और ऊंचे मचानों के जरिए निगरानी बढ़ाई है
- चिल्ला बॉर्डर, गाजीपुर बॉर्डर और डीएनडी फ्लाईवे पर वाहनों की जांच के कारण कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ
दिवाली से पहले दिल्ली पूरी तरह उत्सव के माहौल में रंगी हुई नजर आ रही है. राजधानी में एक तरफ बाजारों में खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है तो दूसरी तरफ सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है. हालात ऐसे हैं कि रात 11 बजे तक कई प्रमुख बाजारों में लोगों की आवाजाही बनी हुई है. इसके साथ ही राजधानी में कई इलाकों में ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया. जिससे सड़कें भी ब्लॉक हो गई है और लोगों से बाजार भी ब्लॉक हो गए हैं.
दिल्ली के प्रमुख बाजारों में लोग कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मिठाइयां, सजावटी वस्तुएं और उपहार खरीदने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. सरोजिनी नगर, सदर बाजार और अन्य व्यावसायिक इलाकों में देर रात तक भारी भीड़ देखने को मिली.
सदर बाजार में सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष इंतजाम
दिवाली के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है. सदर बाजार इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने फ्लैग मार्च निकाला ताकि बाजार आने वाले लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे. पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) वैन तैनात की हैं. इसके अलावा भीड़भाड़ वाली गलियों में ऊंचे मचान बनाए गए हैं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके. बाजार में लगातार पैदल गश्त भी की जा रही है.
बॉर्डर पर लंबी कतारों में फंस रहे लोग
दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच के कारण चिल्ला बॉर्डर, गाजीपुर बॉर्डर, डीएनडी फ्लाईवे और दूसरे एंट्री पॉइंट्स पर कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिल रहा है. मंगलवार सुबह भी चिल्ला और गाजीपुर बॉर्डर पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं. जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को वापस लौटाया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. वहीं जाम में एंबुलेंस भी फंस गई.
VIDEO | Delhi: Chandni Chowk witnesses a massive surge of shoppers as the national capital gears up for Diwali celebrations. The bustling market is abuzz with festive fervour, with shoppers flocking to make their last-minute purchases ahead of the festival. #Diwali2026 (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 3, 2026
भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार हो रही घोषणाएं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बाजार में लोगों को एक जगह इकट्ठा न होने की सलाह देने के लिए सार्वजनिक घोषणा प्रणाली का इस्तेमाल किया जा रहा है. दिन और रात लगातार अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े. सुरक्षा एजेंसियां बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए हैं. अतिरिक्त पुलिस बल को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है.
कश्मीरी गेट से आजादपुर तक जाम की मार
त्योहार के चलते बाजारों में बढ़ी खरीदारी का असर राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है. कश्मीरी गेट इलाके में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई जगह लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय तक जाम में फंसा रहना पड़ा. शालीमार बाग से आजादपुर फ्लाईओवर तक भी ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही. सड़क पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं और वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ा.
पीतमपुरा, साउथ एक्सटेंशन और डिफेंस कॉलोनी में भी दबाव
पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव क्षेत्र में भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ा रहा. सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं. वहीं साउथ एक्सटेंशन और डिफेंस कॉलोनी जैसे व्यस्त इलाकों में भी यातायात सामान्य गति से काफी धीमा रहा.
दिवाली से पहले खरीदारी का उत्साह चरम पर है. ऐसे में दिल्ली पुलिस सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों मोर्चों पर सक्रिय नजर आ रही है. अधिकारियों का मानना है कि त्योहार तक बाजारों में भीड़ और वाहनों का दबाव इसी तरह बना रह सकता है. राजधानी में फिलहाल हर तरफ दिवाली की रौनक दिखाई दे रही है, लेकिन इसके साथ ट्रैफिक और भीड़ की चुनौती भी लगातार बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में प्रदूषण खत्म करने वाला उपाय ही बढ़ा रहा मुसीबत? हवा भी खराब और ट्रैफिक में हालत भी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं