PM Modi Show Housefull: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडोदरा में हैं, जहां 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम शुरू हो चुका है. Gen-Z से संवाद पर फोकस्ड इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. ऐसा पहली बार है, जब प्रधानमंत्री के किसी कार्यक्रम के लिए टिकट रखा गया है. हालांकि ये बुकिंग फ्री है. ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म 'बुक माय शो' (Book My Show) के जरिए फ्री ऑनलाइन बुकिंग की शुरुआत की गई थी और बहुत सारे लोगों को आश्चर्य इस बात पर हो रहा है कि महज 1 घंटे के भीतर ही सभी टिकट बुक हो गए. यानी PM मोदी का ये शो पहले ही हाउसफुल हो गया है.
कारोबारी नजरिए से देखें तो इस तरह के शो के लिए डिजिटल टिकटिंग और एंगेजमेंट मॉडल ने इवेंट मैनेजमेंट, टेक प्लेटफॉर्म्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम में एक नई हलचल पैदा कर दी है. ये डिमांड यह भी साबित कर रही है कि जेन-जी यानी युवा पीढ़ी ऐसे संवाद से जुड़ने के लिए कितने उत्साहित हैं.
42,000 से ज्यादा लोग वेटिंग में
प्रधानमंत्री के इस शो के लिए युवाओं की भारी मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम स्थल की सीमित सीटों के बावजूद 42,000 से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में हैं. गुजरात के वडोदरा स्थित एमएस यूनिवर्सिटी के पविलियन ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश की अनुमति दी गई है जिन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए खुद रजिस्ट्रेशन कराया है. इस अनोखे मॉडल से यह सुनिश्चित किया गया है कि बिना किसी पारंपरिक सिफारिशी पास के पारदर्शी तरीके से असली टारगेटेड दर्शक यानी युवा वर्ग तक पहुंच बनाई जा सके.
Gen-Z को केंद्र में रखकर डिजाइन कार्यक्रम
ये कार्यक्रम पूरी तरह से Gen-Z (युवाओं) और स्टार्टअप फाउंडर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री सीधे तौर पर युवा इनोवेटर्स से संवाद करेंगे. आम राजनीतिक रैलियों से हटकर इस इवेंट को एक मॉडर्न कॉस्टैडियन इवेंट की तरह तैयार किया गया है, जहां पीएम मोदी के चलने के लिए एक विशेष रैंप बनाया गया है ताकि वे रॉकस्टार की तर्ज पर सीधे युवाओं के बीच पहुंच सकें. इस हाई-प्रोफाइल इवेंट के जरिए प्रधानमंत्री वडोदरा और आसपास के इलाकों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे.
ये भी पढ़ें: वडोदरा में पीएम मोदी का Gen-Z से सीधा संवाद, BookMyShow पर बुक हुए टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं