दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में देर रात एक युवक को पहले मारी गोली गई और फिर चाकू से कई वार कर मौत के घाट उतार दिया . हत्या का आरोप इलाके के ही रहने वाले एक घोषित अपराधी अमन मल्ला पर है.
पुलिस के मुताबिक 13 तारीख रात करीब 12 बजे पीसीआर को इलाके में विवाद और हमले की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस हमले में घायल हुए एक युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं।
पूछताछ के दौरान चश्मदीद गवाह साहिल ने बताया कि नीरज का इलाके के एक घोषित अपराधी (BC) अमन उर्फ मुल्ला और उसके साथी के साथ विवाद हुआ था। बाद में, जब वे अपने घर लौट रहे थे, तो अमन और उसके साथी ने साहिल और नीरज पर गोलियां चला दीं। साहिल किसी तरह बच निकला और बाद में उसने नीरज को गली में घायल पाया.अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया.
इस मामले में थाना आदर्श नगर में एफआईआर संख्या 556/26, धारा 103(1)/109(1)/3(5) बीएनएस (BNS) और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया . आदर्श नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्दी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है.
यह कोई पहली बार नहीं है जब राजधानी दिल्ली में इस तरह के किसी की हत्या की गई हो, सिर्फ इलाके बदल जाते हैं, नाम दूसरे होते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं लगातार होती रहती हैं. पुलिस दावा करती है कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तमाम कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन इन वारदातों की वजह से अपराधियों द्वारा चुनौती भी पेश की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं