Petrol Diesel Price Today April 23: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और चुनाव के माहौल के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि चुनाव खत्म होते ही तेल के दाम 25-28 रुपए तक बढ़ जाएंगे. क्या वाकई ऐसा होने वाला है? सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर चल रही अफवाहों के बीच सरकार ने अपनी स्थिति साफ कर दी है. सरकार ने अब खुद सामने आकर इस पर अपनी बात रखी है.
क्या सच में बढ़ेंगे दाम? मंत्रालय ने दी सफाई
आज यानी गुरुवार को केंद्र सरकार ने उन सभी मीडिया रिपोर्ट्स और दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 25 से 28 रुपए प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी हो सकती है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर स्पष्ट किया है कि सरकार के पास ऐसा कोई भी प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. मंत्रालय ने इसे 'फेक न्यूज' करार देते हुए कहा कि ऐसी खबरें केवल आम लोगों के बीच डर पैदा करने के लिए फैलाई जा रही हैं.
भारत में 4 सालों से कीमतें स्थिर, सरकार का बड़ा दावा
सरकार ने अपने बयान में यह भी बताया कि भारत शायद इकलौता ऐसा देश है जहां पिछले चार सालों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उतार-चढ़ाव के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बड़ी वृद्धि नहीं हुई है. सरकार और तेल कंपनियों (Oil Marketing Companies) ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आए उतार-चढ़ाव का असर भारतीय नागरिकों पर नहीं पड़ने दिया है.सरकार और तेल कंपनियों (OMCs) ने मिलकर भारतीय नागरिकों को ग्लोबल मार्केट की मार से बचाने के लिए लगातार कदम उठाए हैं. मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
ग्लोबल मार्केट में तनाव, लेकिन भारत में राहत
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) पर कब्जे की जंग की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम (Crude Oil Prices) लगातार चौथे दिन बढ़े हैं. ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) $104 प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है, वहीं डब्ल्यूटीआई (WTI) $95 के आसपास है. हालांकि, भारत सरकार ने संकेत दिया है कि फिलहाल घरेलू बाजार में कीमतें स्थिर रहेंगी क्योंकि तेल कंपनियां अभी कीमतों में होने वाले बदलावों को खुद झेल रही हैं.
आज क्या है आपके शहर में पेट्रोल-डीजल का भाव? (Petrol-Diesel Rates Today)
ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उतार -चढ़ाव के बावजूद आज भारतीय शहरों में तेल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा रेट्स के मुताबिक, आज 23 अप्रैल 2026 को देश के प्रमुख शहरों के दाम कुछ इस तरह हैं:
- दिल्ली (Delhi) में पेट्रोल 94.72 रुपए और डीजल 87.62 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है.
- मुंबई (Mumbai) में पेट्रोल 103.44 रुपए और डीजल 89.97 रुपए प्रति लीटर है.
- चेन्नई (Chennai) में पेट्रोल के दाम 100.75 रुपए और डीजल 92.34 रुपए प्रति लीटर हैं.
- कोलकाता (Kolkata) में पेट्रोल 103.94 रुपए और डीजल 90.76 रुपए पर बना हुआ है.
- बेंगलुरु (Bengaluru) में पेट्रोल 102.84 रुपए और डीजल 88.53 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है.
कैसे तय होते हैं आपके शहर में तेल के दाम?
भारत में तेल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) हर रोज सुबह 6 बजे पेट्रोल-डीजल की कीमतों को रिवाइज करती हैं. यह कीमतें अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की दरों और विदेशी मुद्रा (Foreign Exchange) की विनिमय दरों के आधार पर तय की जाती हैं. फिलहाल, कंपनियां ग्लोबल मार्केट की अस्थिरता को खुद झेल रही हैं ताकि आम जनता पर बोझ न पड़े.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट युद्ध की आग में तप रहा कच्चा तेल! 6 दिन में 6 जहाजों पर हमला, 100 डॉलर के पार पहुंचा भाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं