अगर आपके पास अभी तक पैन कार्ड (PAN Card) नहीं है और बनवाने की सोच रहे हैं या आपके पैन में कोई अपडेट करवाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. 1 अप्रैल, 2026 से पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि 1 अप्रैल से क्या-क्या बदलने वाला है . चलिए जानते हैं नए नियमों की पूरी डिटेल ...
1 अप्रैल 2026 से बदल जाएगा पैन कार्ड बनवाने का तरीका
अभी तक पैन कार्ड बनवाना बहुत आसान था, लेकिन 1 अप्रैल 2026 से इसके नियम सख्त होने वाले हैं. सरकार पैन कार्ड एप्लीकेशन के प्रोसेस में बड़े बदलाव करने जा रही है. अगर आप पुराने और आसान तरीके से पैन बनवाना चाहते हैं, तो आपके पास 31 मार्च 2026 तक का ही समय है. इसके बाद नए नियम लागू हो जाएंगे.
फिलहाल, आप सिर्फ अपने आधार कार्ड (Aadhaar Card) के जरिए आसानी से पैन कार्ड के लिए अप्लाई कर सकते हैं. लेकिन यह सुविधा सिर्फ 31 मार्च, 2026 तक ही उपलब्ध है. अगर आप इस डेडलाइन से पहले आवेदन कर देते हैं, तो आपको ज्यादा कागजी कार्रवाई नहीं करनी होगी.
आधार के साथ देने होंगे ये एडिशनल डॉक्यूमेंट्स
फिलहाल आप सिर्फ आधार कार्ड (Aadhaar Card) की मदद से ही अपना पैन कार्ड बनवा सकते हैं. लेकिन 1 अप्रैल से सिर्फ आधार काफी नहीं होगा. नए नियमों के मुताबिक, अप्रैल, 2026 से सिर्फ आधार काफी नहीं होगा. पैन कार्ड बनवाने के लिए आपको कई अन्य सरकारी डॉक्यूमेंट्स ज देने पड़ सकते हैं... जैसे:
- जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate)
- वोटर आईडी कार्ड (Voter ID)
- पासपोर्ट (Passport)
- ड्राइविंग लाइसेंस (DL)
- मैट्रिक (10वीं) या हाईस्कूल की मार्कशीट- सर्टिफिकेट आदि.
यानी अब बिना इन कागजों के पैन कार्ड बनवाना मुश्किल होगा.
अब आधार के हिसाब से ही होगा पैन कार्ड में नाम
एक और बड़ा बदलाव यह है कि 1 अप्रैल से आपके पैन कार्ड पर वही नाम छपेगा जो आपके आधार कार्ड में दर्ज है. अगर आपके आधार कार्ड में नाम की स्पेलिंग गलत है, तो उसे अभी ठीक करवा लें. पैन कार्ड बनवाते समय अब आधार की डिटेल्स को ही फाइनल माना जाएगा.इसलिए यह बेहद जरूरी है कि आप अभी चेक कर लें कि आपके आधार में आपकी डिटेल्स नाम, स्पेलिंग, जन्मतिथि एकदम सही हैं या नहीं.
बंद हो जाएंगे पुराने फॉर्म, आएंगे नए एप्लीकेशन फॉर्म
पैन कार्ड बनवाने के लिए जो फॉर्म अभी इस्तेमाल किए जा रहे हैं, वे 1 अप्रैल से बेकार हो जाएंगे. सरकार नए पैन एप्लीकेशन फॉर्म (New PAN Forms) जारी करने वाली है. 1 अप्रैल 2026 के बाद पुराने फॉर्म के जरिए न तो नया पैन कार्ड बनेगा और न ही पुराने पैन कार्ड में कोई अपडेट (PAN Card Correction) हो पाएगा.
अगर आसान शब्दों में कहें तो 1 अप्रैल, 2026 से पुराने फॉर्म पूरी तरह से बंद हो जाएंगे. अगर आप नए आवेदन करना चाहते हैं या पुराने कार्ड में कोई बदलाव (PAN Card Update) करवाना चाहते हैं, तो आपको नए फॉर्मेट का ही इस्तेमाल करना होगा.
क्या होता है पैन कार्ड और क्यों है जरूरी?
पैन (Permanent Account Number) 10 अंकों का एक यूनिक अल्फ़ान्यूमेरिक नंबर होता है, जिसे इनकम टैक्स विभाग जारी करता है. यह एक लेमिनेटेड कार्ड के रूप में मिलता है. बैंक खाता खुलवाने से लेकर इनकम टैक्स भरने तक, हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है. यह न सिर्फ आपकी टैक्स डिटेल्स को ट्रैक करने में मदद करता है, बल्कि बैंकिंग और अन्य फाइनेंशिल कामों के लिए भी सबसे जरूरी दस्तावेज है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं