नोएल टाटा वोल्टास में छोड़ेंगे चेयरमैन की कुर्सी, जानिए अब कौन संभालेगा जिम्मेदारी और अब किस बदलाव की बारी
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा अब वोल्टास (Voltas) के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी छोड़ेंगे. कंपनी ने उन्हें चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया है. नोएल टाटा 11 नवंबर 2026 को कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर होंगे. इसके अगले दिन यानी 12 नवंबर से उनकी नई भूमिका प्रभावी होगी. वोल्टास ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि कंपनी के बोर्ड ने नोएल टाटा को चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त करने का फैसला किया है. वो 2003 से वोल्टास से जुड़े हुए हैं.
70 साल की उम्र पूरी होने पर छोड़ेंगे पद
नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था. वो 12 नवंबर 2026 को 70 साल के हो जाएंगे. टाटा ग्रुप के गवर्नेंस दिशानिर्देशों के तहत सुपरएनुएशन की उम्र पूरी होने पर वो चेयरमैन और डायरेक्टर पद छोड़ेंगे.
कंपनी अधिनियम, 2013 के मुताबिक, 70 साल या उससे अधिक उम्र का व्यक्ति मैनेजिंग डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर के पद पर नियुक्त नहीं किया जा सकता और न ही उस पद पर बना रह सकता है.
सुनील डिसूजा होंगे वोल्टास के नए चेयरमैन
वोल्टास के बोर्ड ने सुनील अलारिक डिसूजा को कंपनी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति 12 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी. सुनील डिसूजा फिलहाल टाटा ग्रुप की एफएमसीजी कंपनी Tata Consumer Products के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हैं. कंपनी टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा संपन्न जैसे ब्रांड के जरिए नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थ बेचती है.
मई 2027 में बदलेंगे वोल्टास के मैनेजिंग डायरेक्टर
कंपनी में नेतृत्व बदलाव का सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा. वोल्टास के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर सीपी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को खत्म होगा. वो टाटा ग्रुप की कार्यकारी निदेशकों के लिए तय रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत कंपनी से रिटायर होंगे.
बोर्ड ने जयंता बालन को 25 मई 2027 से पांच साल के लिए कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है. वो फिलहाल वोल्टास के रूम एयर कंडीशनर बिजनेस के प्रमुख हैं. उनकी नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी.
आसान बदलाव सुनिश्चित करने के लिए कंपनी ने जयंता बालन को अभी से रूम एयर कंडीशनर बिजनेस का प्रमुख और मैनेजिंग डायरेक्टर डेजिग्नेट बनाया है. वो नए पद पर औपचारिक रूप से 25 मई 2027 से जिम्मेदारी संभालेंगे.
इसके अलावा, बोर्ड ने वेंकटेसालु पलानीस्वामी को 12 नवंबर 2026 से कंपनी का एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है. वो नॉन-इंडिपेंडेंट और नॉन-एग्जीक्यूटिव कैटेगरी में नियुक्त होंगे.
यह भी पढ़ें | टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव, ट्रेंट और टाइटन समेत 6 कंपनियों के बोर्ड से हटेंगे नोएल टाटा, वजह जान लीजिए
यह भी पढ़ें | टाटा संस विवाद पर वित्त मंत्री का बड़ा बयान, भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अहम है टाटा, आपस में सुलझाएं विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं