Mumbai Property Registration: मुंबई में घर खरीदने का ट्रेंड लगातार मजबूत होता दिख रहा है. लोग सिर्फ घर खरीद ही नहीं रहे, बल्कि महंगे घरों पर भी भारी निवेश कर रहे हैं. यही वजह है कि जुलाई 2026 में मुंबई रियल एस्टेट मार्केट ने प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का 14 साल का ऑल-टाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया. रिकॉर्ड संख्या में घरों की खरीद-बिक्री के साथ महाराष्ट्र सरकार की कमाई भी बढ़ी है और सिर्फ स्टांप ड्यूटी से ₹1223 करोड़ मिलने का अनुमान है.
जुलाई 2026 में 13,617 से ज्यादा प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन
रियल एस्टेट कंसल्टेंसी Knight Frank India की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2026 में मुंबई में 13,617 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन होने का अनुमान है. यह पिछले साल जुलाई के मुकाबले 8.3% ज्यादा है. खास बात यह है कि जुलाई महीने में यह आंकड़ा कम से कम 2013 के बाद सबसे ज्यादा है.बता दें कि यह डेटा महाराष्ट्र के रजिस्ट्रेशन और स्टांप विभाग का है और इसमें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) क्षेत्र के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन शामिल हैं.
सरकार को स्टांप ड्यूटी से ₹1223 करोड़ की कमाई
घरों की खरीद बढ़ने का फायदा महाराष्ट्र सरकार को भी मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2026 में स्टांप ड्यूटी से सरकार को करीब ₹1223 करोड़ मिलने का अनुमान है. यह पिछले साल जुलाई के मुकाबले 8.9% ज्यादा है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि सिर्फ खरीद की संख्या ही नहीं बढ़ी, बल्कि लोग महंगी और प्रीमियम प्रॉपर्टी भी खरीद रहे हैं. इसी वजह से सरकार की स्टांप ड्यूटी से होने वाली कमाई में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली.
जून के मुकाबले भी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में दिखी तेजी
अगर जून 2026 से तुलना करें तो जुलाई में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन 2% बढ़कर 13,413 से 13,617 हो गए. वहीं स्टांप ड्यूटी कलेक्शन में और भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज हुई. जून में सरकार को ₹1086 करोड़ मिले थे, जो जुलाई में बढ़कर ₹1223 करोड़ होने का अनुमान है. यानी एक महीने में करीब 13% की बढ़ोतरी हुई.
आखिर क्यों बढ़ रही है घरों की खरीद?
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल से मुंबई का रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी मार्केट लगातार मजबूत बना हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह खुद रहने के लिए घर खरीदने वालों की मजबूत मांग, शहर में तेजी से बेहतर हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर और अपने घर को लेकर लोगों का बढ़ता भरोसा है.बता दें कि एक साल पहले यानी जुलाई 2025 में मुंबई में 12,579 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए थे और उस समय सरकार को स्टांप ड्यूटी से ₹1123 करोड़ की कमाई हुई थी. इस साल दोनों आंकड़ों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
Knight Frank ने क्या कहा?
इसका मतलब है कि खरीदार अब ज्यादा कीमत वाले और बेहतर प्रोजेक्ट्स में निवेश कर रहे हैं. मुंबई की मजबूत अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और लंबे समय के निवेश की संभावना भी इस मांग को सहारा दे रही है.
2013 से 2026 तक लगातार बढ़ा प्रॉपर्टी मार्केट
रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2013 में मुंबई में सिर्फ 5,139 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए थे. वहीं जुलाई 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 13,617 तक पहुंच गया.इसी तरह स्टांप ड्यूटी से सरकार की कमाई भी ₹287 करोड़ से बढ़कर ₹1223 करोड़ हो गई है. ये आंकड़े बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में मुंबई का रियल एस्टेट बाजार लगातार मजबूत हुआ है और घर खरीदने वालों का भरोसा पहले से ज्यादा बढ़ा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं