विज्ञापन

मुंबई में टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, गणपति उत्‍सव पर ही बिक गए 5 हजार से ज्‍यादा मकान, सितंबर में सेल 12 हजार के पार

Mumbai Housing Sales: मुंबई में सितंबर 2026 में 12,622 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए, जो 14 साल में सितंबर का सबसे बड़ा आंकड़ा है. गणेशोत्सव में 5,379 रजिस्ट्रेशन हुए.

मुंबई में टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, गणपति उत्‍सव पर ही बिक गए 5 हजार से ज्‍यादा मकान, सितंबर में सेल 12 हजार के पार
मुंबई में मकान की सेल बंपर रही.
Source: NDTV Graphics/Canva

मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ घरों की मांग में तेज उछाल देखने को मिला है. नाइट फ्रैंक इंडिया की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 में मुंबई में 12,622 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए हैं. ये पिछले साल सितंबर के मुकाबले 5% ज्यादा हैं और सितंबर महीने में 14 साल से ज्यादा समय का सबसे ऊंचा आंकड़ा है.

महाराष्ट्र सरकार के रजिस्ट्रेशन और आईजीआर के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से सरकार को 1,227 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी मिली. हालांकि, सालाना आधार पर इसमें 5% की गिरावट रही. नाइट फ्रैंक के मुताबिक, इसकी एक वजह इस दौरान हुए लेनदेन के प्रकार में बदलाव है.

गणेश चतुर्थी पर 11 दिनों में 5,379 रजिस्ट्रेशन

गणेशोत्सव का मुंबई के प्रॉपर्टी बाजार पर खास असर देखने को मिला. 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 के बीच सिर्फ 11 दिनों में मुंबई में 5,379 घरों और संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन हुआ.

ये संख्या पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 22% ज्यादा है. नाइट फ्रैंक के मुताबिक, पिछले चार वर्षों के गणेशोत्सव सीजन में ये सबसे मजबूत प्रदर्शन है.

त्योहारी अवधि में ही सरकार को करीब 640 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी मिली. ये सितंबर के कुल स्टाम्प ड्यूटी कलेक्शन का 50% से ज्यादा है. पिछले साल के गणेशोत्सव के मुकाबले इस दौरान स्टाम्प ड्यूटी कलेक्शन 32% ज्यादा रहा.

14 साल में बदला मुंबई का प्रॉपर्टी बाजार

मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में पिछले एक दशक से ज्यादा समय में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. सितंबर 2013 में मुंबई में सिर्फ 4,116 संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन हुआ था और स्टाम्प ड्यूटी से सरकार को 247 करोड़ रुपये मिले थे. 2014 से 2019 के बीच सितंबर में रजिस्ट्रेशन आमतौर पर 4,000 से 5,500 के बीच रहा.

इसके बाद बाजार में तेजी आई. 2021 में रजिस्ट्रेशन 7,800 के पार पहुंचा और 2023 में 10,600 से ज्यादा हो गया. अब सितंबर 2026 में ये आंकड़ा 12,622 पर पहुंच गया है.

सालसितंबर में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन
20134,116
20217,800+
202310,600+
202612,622

बेहतर लोकेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग

नाइट फ्रैंक इंडिया के इंटरनेशनल पार्टनर, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि मुंबई के आवासीय बाजार ने अपनी मांग की गति बरकरार रखी है. उनके मुताबिक, गणेश चतुर्थी के दौरान रजिस्ट्रेशन में 22% की सालाना बढ़ोतरी ने सितंबर के मजबूत प्रदर्शन में बड़ा योगदान दिया.

उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में घर खरीदारों की भागीदारी मजबूत रही है, लेकिन खरीदार अब अपने फैसलों में ज्यादा सोच-समझकर कदम उठा रहे हैं. बेहतर लोकेशन और क्वालिटी इंफ्रास्ट्रक्चर वाले प्रोजेक्ट्स आगे भी खरीदारों की पसंद बने रहेंगे.

यह भी पढ़ें : 271 करोड़ का पेंटहाउस! गुरुग्राम में सबसे महंगे रेट वाले इस फ्लैट में ऐसा क्या है और इसे खरीदा किसने?

गणेशोत्सव के दौरान रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन से दशहरा और दिवाली जैसे अगले त्योहारी मौकों के लिए भी मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में मजबूत माहौल बना है. नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, मेट्रो विस्तार और बिल्डर्स के त्योहारी ऑफर्स के बीच साल के बाकी महीनों में भी घरों की मांग पर नजर रहेगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Real Estate, Mumbai Real Estate Investment, Knight Frank, Knight Frank Report, Real Estate Sales
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com