विज्ञापन

मीरा कुलकर्णी ने तलाक के बाद शुरू किया हाथ से साबुन बनाना, मेहनत और लगन से खड़ी कर दी 8000 करोड़ की कंपनी

मीरा कुलकर्णी की कहानी काफी प्रेरणा देने वाली है. उन्होंने करीब 26 साल पहले अपना कारोबार अपने घर से शुरू किया था. कंपनी आज अपने उत्पाद भारत के साथ दुनिया के दूसरे देशों में भी बेचती है.

मीरा कुलकर्णी ने तलाक के बाद शुरू किया हाथ से साबुन बनाना, मेहनत और लगन से खड़ी कर दी 8000 करोड़ की कंपनी
नई दिल्ली:

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में पैदा हुईं मीरा कुलकर्णी आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं. पति से तलाक के बाद मीरा के ऊपर दो बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी आ गई थी. लेकिन उन्होंने हताश होने के बजाय आगे बढ़ने और कुछ बड़ा करने का रास्ता चुना. यहीं से जन्म हुआ भारत के पहले लग्जरी आयुर्वेदिक स्किनकेयर ब्रांड ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' का. यह कंपनी आयुर्वेद पर आधारित त्वचा की देखभाल करने वाले उत्पाद बनाती है. दो लाख रुपये से शुरू हुआ ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' आज 8,300 करोड़ रुपये से अधिक का ब्रांड बन चुका है. आइए जानते हैं कि मीरा कुलकर्णी ने कैसे लिखी सफलता की यह कहानी.

शादी और तलाक

परंपराओं और संस्कृति से जुड़े परिवार में पैदा हुईं मीरा की शादी बहुत कम उम्र में हो गई थी. लेकिन उनकी जिंदगी खुशहाल नहीं रही. शराब पीने की लत के कारण उनके पति का कारोबार लड़खड़ाने लगा. आखिरकार, मीरा ने तलाक लेने का फैसला किया और अकेले ही बच्चों की परवरिश करने लगीं.

फाइन आर्ट्स की पढ़ाई करने वाली मीरा का रुझान आयुर्वेद की ओर था. इसलिए उन्होंने इसी क्षेत्र में कुछ ठोस करने का फैसला किया. उन्होंने साल 2000 में ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' नाम के ब्रांड की शुरुआत की. इसके लिए उन्होंने दो लाख रुपये की पूंजी लगाई थी. शुरुआत में वह अपने घर पर ही हाथ से साबुन और तेल बनाती थीं.

मीरा ने इन उत्पादों के निर्माण में शुद्धता का खास ख्याल रखा. उनके उत्पाद आयुर्वेद के सदियों पुराने नुस्खों पर आधारित थे. उन्होंने उत्पादों की पैकेजिंग पर भी खास ध्यान दिया. उनकी कोशिश थी कि उनके उत्पाद पहली नजर में ही लग्जरी यानी प्रीमियम दिखाई दें. उनकी यह रणनीति काम कर गई. प्राकृतिक और शुद्ध उत्पाद पसंद करने वाले ग्राहकों के बीच ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के उत्पाद देखते ही देखते लोकप्रिय हो गए.

फॉरेस्ट एसेंशियल्स के उत्पाद आज दुनिया के 125 से अधिक देशों में निर्यात किए जाते हैं.

फॉरेस्ट एसेंशियल्स के उत्पाद आज दुनिया के 125 से अधिक देशों में निर्यात किए जाते हैं.
Photo Credit: Forest Essentials

होटलों से मिला ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' का ऑर्डर

मीरा की कंपनी को पहला बड़ा ऑर्डर मशहूर होटल चेन ‘हयात रीजेंसी' से मिला. इस समूह ने अपने होटलों के लिए ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के साबुनों का ऑर्डर दिया. इसके बाद कंपनी ने अपने होटलों के कमरों में ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के साबुन और त्वचा की देखभाल करने वाले दूसरे उत्पाद उपलब्ध कराने शुरू किए. इसके बाद ताज होटल्स, द ओबेरॉय ग्रुप, रिट्ज-कार्लटन और फोर सीजन्स जैसे कई दूसरे होटल समूहों से भी मीरा की कंपनी को ऑर्डर मिलने लगे. यहां तक कि राष्ट्रपति भवन में भी ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के उत्पादों का इस्तेमाल किया गया.

मीरा ने साल 2001 में दिल्ली के मशहूर खान मार्केट में अपना पहला स्टोर खोला था. वहां पहले ही दिन उनके सभी उत्पाद बिक गए. यह सिलसिला कई दिनों तक चला. हालांकि, खान मार्केट के इस स्टोर से मीरा को खुदरा कारोबार के कई अहम सबक भी मिले.

कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, आज देशभर में ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के 175 से अधिक स्टोर हैं. कंपनी ने अक्टूबर 2022 में लंदन के कोवेंट गार्डन में अपना पहला स्टोर खोला था. यह भारत के बाहर कंपनी का पहला स्टोर था. हालांकि, इससे पहले ही 2021 में ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के उत्पाद ब्रिटेन में ऑनलाइन उपलब्ध हो गए थे.दुनिया के 125 से अधिक देशों में ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स'के प्रोडक्ट निर्यात किए जाते हैं.

फॉरेस्ट एसेंशियल्स ने अपना पहला स्टोर दिल्ली के खान मार्केट में खोला था.

फॉरेस्ट एसेंशियल्स ने अपना पहला स्टोर दिल्ली के खान मार्केट में खोला था.
Photo Credit: Forest Essentials

क्या अब अमेरिकी कंपनी का हो जाएगा ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स'

इस बीच, साल 2008 में अमेरिकी ब्यूटी ब्रांड एस्टी लॉडर ने ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' में निवेश किया. साल 2020 में एस्टी लॉडर ने कंपनी की 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली. इस साल मार्च में अमेरिकी कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' के बाकी शेयर खरीदने की घोषणा की. इस अधिग्रहण के इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है.

देश और दुनिया के बाजारों पर नजर रखने वाली पत्रिका ‘फोर्ब्स' के मुताबिक, ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स' ने वित्त वर्ष 2025 में अपने राजस्व में सालाना आधार पर 18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की. कंपनी का राजस्व 490 करोड़ रुपये से बढ़कर 578 करोड़ रुपये हो गया. इस दौरान कंपनी का मुनाफा 71 फीसदी बढ़कर 123 करोड़ रुपये हो गया.

मीरा कुलकर्णी ने अपनी सफलता की कहानी को किताब के रूप में भी लिखा है. उनकी आत्मकथा का नाम ‘एसेंशियली मीरा' है. 244 पन्नों की यह किताब जून 2022 में प्रकाशित हुई थी. इसे हार्पर कॉलिन्स ने प्रकाशित किया है.

ये भी पढ़ें: CJP को अमेरिका से मिल रही फंडिंग, अमेरिकी सिंगर का आरोप, पीएम मोदी को लेकर कही ये बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mira Kulkarni, Forest Essentials, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com