विज्ञापन

भारत के लिए राहत की खबर, युद्ध के बीच 46,313 टन LPG लेकर मंगलौर पोर्ट पहुंचेगा नौवां गैस टैंकर

LPG Supply India: युद्ध के असर से मार्च में एलपीजी का आयात 17 लाख टन से गिरकर केवल 8.26 लाख टन रह गया था. सरकार ने अब दूसरे देशों से भी गैस मंगाना शुरू कर दिया है ताकि देश में सिलेंडर की कमी न हो.

भारत के लिए राहत की खबर, युद्ध के बीच 46,313 टन LPG लेकर मंगलौर पोर्ट पहुंचेगा नौवां गैस टैंकर
LPG Import News: भारत अपनी जरूरत का 60% एलपीजी आयात करता है.

LPG Stock Update India: मिडिल ईस्ट(Middle East) में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. 46,313 मीट्रिक टन (MT) एलपीजी स्टॉक लेकर मार्शल द्वीप के ध्वज वाला टैंकर "एमटी सर्व शक्ति" शनिवार, 08 मई को मंगलौर पोर्ट पर पहुंचने वाला है. पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, यह टैंकर बुधवार सुबह भारत के पश्चिमी तट के पास सुरक्षित पहुंच गया है और अगले 48 घंटों में इसके मंगलौर पोर्ट पर पहुंचने की उम्मीद है

युद्ध के बीच सुरक्षित पहुंचा नवां टैंकर 

बता दें कि युद्ध शुरू होने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से सुरक्षित भारत पहुंचने वाला यह नवां बड़ा एलपीजी टैंकर है."एमटी सर्व शक्ति" ने 02 मई को सामरिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार किया था.इस जहाज पर 18 भारतीय नाविकों सहित कुल 20 सदस्य सवार हैं.पहले इस टैंकर के 13 मई 2026 को विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन अब यह पहले ही मंगलौर पहुंच रहा है.

मार्च में LPG आयात में 51% की ऐतिहासिक गिरावट 

पेट्रोलियम मंत्रालय की संस्था पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल की रिपोर्ट (PPAC Report) ने आयात को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े जारी किए हैं.युद्ध के कारण मार्च महीने में एलपीजी आयात में 51% की भारी गिरावट दर्ज की गई.फरवरी 2026 में भारत ने 17,00,000 मीट्रिक टन एलपीजी का आयात किया था, जो मार्च में घटकर महज 8,26,000 मीट्रिक टन रह गया.

भारत अपनी जरूरत का 60% एलपीजी आयात करता है, जिसका 90% हिस्सा स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से आता था, जो पिछले 68 दिनों से युद्ध क्षेत्र बना हुआ है.

अभी भी फंसे हैं 13 भारतीय जहाज 

स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के कारण वहां अब भी 13 भारतीय ध्वज वाले कार्गो जहाज फंसे हुए हैं.फंसे हुए इन जहाजों में 3 ऑयल टैंकर और एक बड़ा एलपीजी टैंकर भी शामिल है.

आपूर्ति और बुकिंग का नया रिकॉर्ड 

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, स्थिति से निपटने के लिए कई कड़े कदम उठाए गए हैं.भारत सरकार ने पिछले दो महीनों में एलपीजी आयात के स्रोतों को बड़े स्तर पर डायवर्सीफाई किया है और नए वैश्विक बाजारों से स्टॉक मंगाया जा रहा है. भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है.कल उद्योग के आधार पर ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में 99 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि देखी गई.हेराफेरी रोकने के लिए 'डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड' (DAC) आधारित डिलीवरी में भी 94 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य की बंदी के बावजूद देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com