विज्ञापन

दोस्त ने नहीं चुकाई लोन की EMI तो फंसेंगे आप! गारंटर बनने से पहले समझ लें ये 5 बातें

किसी दोस्त या रिश्तेदार के लोन का गारंटर बनने से आपकी अपनी फाइनेंशियल कंडीशन पर असर पड़ सकता है. कर्जदार के EMI नहीं चुकाने पर गारंटर के क्रेडिट स्कोर पर भी असर पड़ सकता है और बैंक उससे बकाया रकम वसूल सकते हैं.

दोस्त ने नहीं चुकाई लोन की EMI तो फंसेंगे आप! गारंटर बनने से पहले समझ लें ये 5 बातें
किसी के लोन की गारंटी देना पड़ सकता है भारी
NDTV Graphics
नई दिल्ली:

किसी दोस्त या रिश्तेदार को पैसों की जरूरत हो और वह बैंक से लोन लेने जाए तो हो सकता है कि वह आपसे गारंटर बनने के लिए कहे. आप भी दोस्ती या रिश्तेदारी निभाने के चक्कर में बिना ज्यादा सोचे-समझे हामी भर दें. आपको लगे कि इसमें आपका क्या नुकसान है, लोन तो दूसरा आदमी ले रहा है और EMI भी वही भरेगा. लेकिन जरा रुकिए. आपकी एक छोटी सी सहमति भविष्य में आपके लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है. दरअसल, किसी के लोन का गारंटर बनने का मतलब सिर्फ कागजों पर हस्ताक्षर करना नहीं है, बल्कि उसकी कर्ज चुकाने की जिम्मेदारी में हिस्सेदार बनना भी है. अगर लोन लेने वाला शख्स EMI नहीं चुकाता या डिफॉल्ट कर जाता है, तो बैंक आपसे भी बकाया रकम मांग सकता है. इतना ही नहीं, इसका असर आपके CIBIL स्कोर और भविष्य में खुद के लिए लोन लेने की एलिजिबलिटी पर भी पड़ सकता है. ऐसे में किसी के लोन का गारंटर बनने से पहले इन 5 जरूरी बातों को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए.

1. कर्जदार की EMI छूटी तो आपका CIBIL स्कोर भी बिगड़ सकता है

अगर आपने किसी दोस्त या रिश्तेदार के लोन की गारंटी दी है और वह समय पर EMI नहीं चुकाता है, तो इसका असर आपकी क्रेडिट रिपोर्ट पर भी पड़ सकता है. दरअसल, जिस लोन के आप गारंटर हैं, उसकी जानकारी आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में भी दिखाई देती है. अगर मुख्य कर्जदार EMI चुकाने में देरी करता है या उसका लोन NPA हो जाता है, तो यह जानकारी आपके क्रेडिट रिकॉर्ड को भी प्रभावित कर सकती है.

2. बैंक आपसे भी वसूल सकता है बकाया रकम

गारंटर बनने का सबसे बड़ा रिस्क यही है. अगर मुख्य कर्जदार लोन चुकाने में असफल रहता है, तो बैंक आपसे भी बकाया रकम की मांग कर सकता है. इंडियन कॉन्ट्रैक्ट एक्ट की धारा 128 के मुताबिक, गारंटर की जिम्मेदारी मुख्य कर्जदार के बराबर होती है, जब तक कि समझौते में कुछ अलग शर्त न हो. खास बात यह है कि बैंक को गारंटर के पास पहुंचने से पहले मुख्य कर्जदार से वसूली की सभी कोशिशें करना जरूरी नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने 1969 के बैंक ऑफ बिहार बनाम दामोदर प्रसाद मामले में भी यह साफ किया था कि बैंक सीधे गारंटर के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है.

3. बैंक कानूनी कार्रवाई भी कर सकता है

अगर कर्जदार और गारंटर दोनों बकाया रकम चुकाने में असफल रहते हैं, तो बैंक कानूनी रास्ता अपना सकता है. बैंक सिविल कोर्ट या डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT) में मामला ले जा सकता है. अगर गारंटर ने लोन के बदले अपनी संपत्ति गिरवी रखी है, तो कुछ परिस्थितियों में उस संपत्ति के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है. इसके अलावा गारंटर के खिलाफ दिवालियापन की कार्यवाही भी शुरू की जा सकती है.

4. भविष्य में खुद का लोन लेने में हो सकती है परेशानी

आपने भले ही किसी दूसरे व्यक्ति के लोन की गारंटी दी हो, लेकिन इसका असर आपकी अपनी लोन लेने की क्षमता पर भी पड़ सकता है. जब आप होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन के लिए आवेदन करते हैं, तो बैंक आपकी आमदनी के साथ-साथ मौजूदा फाइनेंशियल जिम्मेदारियों का भी आकलन करता है. गारंटी वाले लोन को संभावित देनदारी माना जा सकता है. ऐसे में बैंक आपको कम रकम का लोन दे सकता है या ब्याज दर की पेशकश पर इसका असर पड़ सकता है. यह पूरी तरह बैंक की पॉलिसी, गारंटी वाले लोन की रकम और कर्जदार के रीपेमेंट रिकॉर्ड पर निर्भर करता है. 

5. पैसा चुकाने पर कर्जदार से वसूली का है अधिकार

अगर मुख्य कर्जदार EMI नहीं चुकाता और आपको उसकी जगह बैंक का बकाया चुकाना पड़ता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपका पैसा हमेशा के लिए डूब गया. कानून आपको कर्जदार से यह रकम वापस मांगने का अधिकार देता है. इंडियन कॉन्ट्रैक्ट एक्ट की धारा 140 के तहत, गारंटर के बैंक का बकाया चुकाने के बाद उसे मुख्य कर्जदार से रकम वसूलने का कानूनी अधिकार मिल जाता है.

यह भी पढ़ें | SBI-HDFC से ज्यादा ब्याज कमाने का मौका! यह बैंक दे रहा सेविंग्स अकाउंट पर हर महीने इंटरेस्ट, जानिए पूरी डिटेल

गारंटर बनने से पहले क्या करें?

किसी के लोन की गारंटी देने से पहले उसकी आमदनी, पुराने लोन और EMI चुकाने के रिकॉर्ड की अच्छी तरह जांच करें. लोन की कुल रकम और गारंटी से जुड़ी शर्तों को ध्यान से पढ़ें. समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट भी चेक करते रहें. सबसे जरूरी बात यह है कि तभी किसी के लोन का गारंटर बनें, जब जरूरत पड़ने पर आप खुद उस लोन की जिम्मेदारी उठाने की स्थिति में हों.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Loan, Guarantor, Personal Finance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com