Layoffs in Zomato: ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) ने कंपनी के पुनर्गठन (Reorganisation) का हवाला देते हुए करीब 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. हैदराबाद में कस्टमर डिलाइट सेंटर को पूरी तरह बंद करने के बाद कंपनी ने ये छंटनी की है. अब इस सेंटर का काम दिल्ली-NCR के गुरुग्राम से ही होगा. कंपनी का कहना है कि ये फैसला कर्मचारियों के परफॉर्मेंस की वजह से नहीं, बल्कि बिजनेस की बदलती जरूरतों के कारण लिया गया है.
जोमैटो ने इस छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को राहत देते हुए कई राहतों ऐलान भी किया है. यहां हम जानेंगे कि कर्मचारियों को क्या-क्या मिलेगा लेकिन उससे पहले छंटनी की वजह समझ लेते हैं.
जोमैटो ने 250 लोगों को काम से क्यों निकाला?
कंपनी के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में कस्टमर सपोर्ट मॉडल में काफी बदलाव आया है. अब अधिकांश काम विशेष बाहरी साझेदारों के जरिए संभाला जा रहा है. इसी ऑपरेशनल बदलाव के चलते हैदराबाद के 'कस्टमर डिलाइट' ऑपरेशंस को बंद कर दिया गया है. अब इन-हाउस ऑपरेशंस को केवल गुरुग्राम स्थित सिंगल लोकेशन से ही संचालित किया जाएगा, जिससे हैदराबाद के लगभग 240-250 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं.
जो नौकरी से निकाले गए, उन्हें क्या-क्या मिलेगा?
- चार महीने की सैलरी और सेवरेंस पैकेज: नौकरी गंवाने वाले प्रभावित टैक्सपेयर्स (कर्मचारियों) को अगस्त महीने की सैलरी के साथ-साथ चार महीने का सेवरेंस पे (Severance Pay) दिया जाएगा, जिसमें नोटिस पीरियड की सैलरी और एकमुश्त एक्स-ग्रेशिया राशि शामिल है.
- मेडिकल और काउंसलिंग सपोर्ट जारी रहेगा: कंपनी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कर्मचारियों का हेल्थ/मेडिकल इंश्योरेंस और काउंसलिंग सपोर्ट 31 मार्च 2027 तक जारी रखने का फैसला किया है.
- लैपटॉप और इयरफोन का मालिकाना हक: कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि कंपनी द्वारा दिए गए लैपटॉप और इयरफोन वापस नहीं मांगे जाएंगे, बल्कि उनका मालिकाना हक पूरी तरह से कर्मचारियों को पर्सनल इस्तेमाल के लिए ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
- आउटप्लेसमेंट में मदद: नौकरी की तलाश कर रहे इन कर्मचारियों को नई नौकरियां ढूंढने में मदद के लिए समर्पित आउटप्लेसमेंट सहायता (Outplacement Assistance) भी उपलब्ध कराई जाएगी.
ये भी पढ़ें: कितना CTC हो तो खरीद सकते हैं Prada का बेल्ट? बैग खरीदने के लिए तो करोड़पति बनना होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं