उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सफर और आसान होने वाला है. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद अब देहरादून-मसूरी के बीच नया हाइवे बनने जा रहा है. नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) देहरादून और मसूरी के बीच 42 किलोमीटर लंबा नया हाइवे बनाएगा. करीब 3500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह दो-लेन हाइवे देहरादून के झाझरा से शुरू होकर मसूरी के गांधी चौक तक जाएगा. इसके बनने के बाद देहरादून से मसूरी पहुंचने में करीब 30 मिनट का समय लगेगा, जबकि दिल्ली से मसूरी का सफर भी लगभग 4 घंटे में पूरा किया जा सकेगा.
आधे घंटे में होगा देहरादून-मसूरी का सफर
अभी जहां देहरादून से मसूरी की करीब 34 किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे तक लग जाते हैं. पीक सीजन में यह समय और बढ़ जाता है. नए हाइवे के बनने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर का समय घटकर लगभग 30 मिनट रहने का अनुमान है. अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों को देहरादून शहर में एंट्री किए बिना सीधे झाझरा रोड से मसूरी पहुंचने का विकल्प मिलेगा. इससे राजपुर रोड और मसूरी रोड पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा.
हाइवे प्रोजेक्ट में दो टनल भी शामिल
इस प्रोजेक्ट में दो लंबी सुरंगें भी बनाई जा रही हैं. पहली टनल जॉर्ज एवरेस्ट एरिया के नीचे 2.9 किलोमीटर लंबी बनाई जाएगी, जबकि दूसरी सुरंग करीब 2 किलोमीटर लंबी होगी. इन सुरंगों के जरिए वाहन सीधे पहाड़ियों के भीतर से गुजर सकेंगे, जिससे तीखे मोड़ों, लंबी चढ़ाई और भूस्खलन प्रभावित हिस्सों से बचा जा सकेगा.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का भी मिलेगा फायदा
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पहले से ही शुरू हो चुका है. यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर से देहरादून की सुपरफास्ट कनेक्टिविटी दे रहा है. इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से देहरादून पहुंचने में महज ढाई से तीन घंटे लगते हैं. ऐसे में देहरादून-मसूरी हाइवे के जरिए दिल्ली से मसूरी तक का सफर महज 4 घंटे में पूरा हो जाएगा.
पर्यटन और चारधाम मार्ग को मिलेगा बढ़ावा
इस प्रोजेक्ट से मसूरी, धनौल्टी और टिहरी जैसे पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही यमुनोत्री और गंगोत्री जैसे तीर्थस्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा. NHAI के मुताबिक यह हाइवे दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा. इसके जरिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आने वाले ट्रैफिक को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से अजमेर 5 घंटे में, भरतपुर 3 घंटे में... नया एक्सप्रेसवे बदलेगी राजस्थान की तस्वीर, जयपुर, दौसा तक सफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं