स्ंलवििपहले तो कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) का आदेश दिया. कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करने लगे. फिर गूगल मीट की एक लिंक भेजकर कंपनी ने इन कर्मचारियों को जुड़ने के लिए कहा. महज 5 मिनट की ऑनलाइन मीटिंग हुई और स्क्रीन पर एक फरमान आया- 'आपको नौकरी से निकाला जाता है.' महज 5 मिनट के भीतर कंपनी ने 80 कर्मचारियों की नौकरी छीन ली.
ना HR से कोई बात, ना ही नोटिस पीरियड, यहां तक कि नए कर्मचारियों को तो हर्जाने के तौर पर किसी तरह का कंपनसेशन पैकेज या सपोर्ट तक नहीं. बस एक कॉल और 80 कर्मियों की नौकरी खत्म!
ऐसा किया है एक अमेरिकी फिनटेक कंपनी- ब्लूवाइन (Bluevine) ने और सारे 80 कर्मचारी भारतीय हैं. सभी के परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है.
पूरी कस्टमर सर्विस टीम को हटाया, सभी 80 कर्मी भारतीय
ब्लूवाइन ने पूरी भारतीय कस्टमर सर्विस टीम को एक साथ नौकरी से निकाल दिया. करीब 80 भारतीय कर्मचारियों को महज 5 मिनट की Google Meet कॉल में छंटनी की जानकारी दी गई. खास बात ये है कि जिस दिन कर्मचारियों को हटाया गया, उसी दिन मैनेजमेंट ने उन्हें ऑपरेशनल कारणों का हवाला देकर ऑफिस आने के बजाय घर से काम करने को कहा था.
शाम 6:30 बजे शुरू की शिफ्ट, 3 घंटे बाद काम से निकाल दिया
इनमें से एक कर्मचारी ने Reddit की r/IndiaWorkplace कम्युनिटी में पोस्ट के जरिए इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की है. प्रभावित कर्मचारी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक 5 मिनट की कॉल से 80 कर्मचारी और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं.
कर्मचारी के मुताबिक, सभी लोग शाम 6:30 बजे की अपनी सामान्य शिफ्ट कर रहे थे. शिफ्ट शुरू होने के करीब तीन घंटे बाद रात 9:30 बजे पूरी टीम को अचानक Google Meet पर जुड़ने के लिए कहा गया.
मीटिंग शुरू हुई और सीनियर मैनेजमेंट ने बताया कि पूरी भारतीय कस्टमर सर्विस टीम को तुरंत प्रभाव से नौकरी से हटाया जा रहा है. पूरी बातचीत करीब 5 मिनट में खत्म हो गई.
कंपनी ने परफॉर्मेंस को वजह बताया, कर्मचारी बोले- गलत हैं आरोप
कंपनी की ओर से कथित तौर पर कर्मचारियों को हटाने के पीछे परफॉर्मेंस इश्यू और अपेक्षित आउटपुट नहीं मिलने का हवाला दिया गया. हालांकि, प्रभावित कर्मचारियों ने इन आरोपों को खारिज किया है और सोशल मीडिया पर इस अचानक लिए गए फैसले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की.
कर्मचारियों के मुताबिक, मीटिंग खत्म होते ही उनके ऑफिशियल ईमेल, Slack और कंपनी के दूसरे सिस्टम का एक्सेस भी बंद कर दिया गया. यानी फैसले के तुरंत बाद वे कंपनी के डिजिटल सिस्टम से बाहर हो गए.
AI आने के बाद घट गया काम
इस छंटनी की एक अहम वजह कंपनी में हाल में शुरू किए गए AI का इस्तेमाल भी बताई जा रही है. कंपनी ने कॉल और ईमेल सपोर्ट के लिए AI टूल्स लागू किए थे. इसके बाद इंसानी सपोर्ट की जरूरत वाले काम का वॉल्यूम करीब 30% तक घटने की बात सामने आई है.
बचे हुए काम को संभालने के लिए कंपनी ने एक बाहरी थर्ड-पार्टी वेंडर की मदद लेने का फैसला किया. ऐसे में भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम की जरूरत कम हो गई.
कंपनी क्या करती है?
Bluevine अमेरिका की एक डिजिटल बैंक और वित्तीय सेवा कंपनी है. ये छोटे और मध्यम आकार के कारोबारों को बैंकिंग, लोन और पेमेंट जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती है. कंपनी का मुख्यालय न्यू जर्सी में है और वैश्विक स्तर पर करीब 7,000 कर्मचारी काम करते हैं.
नए कर्मचारियों को मुआवजे पर सवाल
प्रभावित टीम में पुराने अनुभवी कर्मचारियों के साथ हाल में कंपनी से जुड़े कर्मचारी भी शामिल थे. रिपोर्ट्स और कर्मचारी की Reddit पोस्ट के मुताबिक, कुछ पुराने कर्मचारियों को उनके कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार नोटिस पीरियड का भुगतान मिलने की बात कही गई है.
वहीं, हाल में भर्ती हुए कर्मचारियों को अतिरिक्त मुआवजा या नोटिस पीरियड का भुगतान मिलेगा या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. अचानक हुई छंटनी को लेकर कई कर्मचारियों और Reddit यूजर्स ने कंपनी के फैसले पर सवाल उठाए हैं.
ये भी पढ़ें: पन्ना में मिला नायाब 'हीरा', कीमत 2 करोड़, जानिए कब होगी नीलामी, क्या है जेम क्वालिटी की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं