विज्ञापन

Rupee Record: इस साल रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा रुपया, डॉलर के मुकाबले इन 3 वजहों से आई मजबूती

Rupees vs Dollar: डॉलर के मुकाबले रुपया 25 नवंबर को 92.1850 के लेवल तक पहुंचकर 8 महीने की ऊंचाई पर पहुंचा था. हालांकि 26 नवंबर को इसमें कुछ कमजोरी आई. आइए जानते हैं 3 अहम वजहों के बारे में जिससे रुपया ने जबरदस्ती वापसी की है. 

Rupee Record: इस साल रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा रुपया, डॉलर के मुकाबले इन 3 वजहों से आई मजबूती
कभी 100 के पार जाने का था खौफ, अब जबरदस्त वापसी
NDTV Graphics

Rupees vs Dollar: डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये ने पिछले कुछ हफ्तों में शानदार वापसी की है. इस साल लगातार कमजोरी का सामना कर रहा रुपया अब संभलता नजर आ रहा है. 25 नवंबर को कारोबार के दौरान रुपया 92.1850 प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ. यह 8 महीने का उच्चतम स्तर है. हालांकि, 26 नवंबर को इसमें कुछ कमजोरी देखने को मिली और यह करीब 92.50 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखा. इस तेजी के साथ रुपये ने नवंबर में अपनी बढ़त करीब 3 फीसदी तक पहुंचा दी है. इस साल रुपये को मजबूती देने में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कदमों के साथ विदेशी निवेशकों की वापसी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी की अहम भूमिका रही है. आइए जानते हैं उन 3 अहम वजहों के बारे में जिससे रुपये ने जोरदार वापसी की है. 

1. RBI के कदमों से सट्टेबाजी पर लगी लगाम

रुपये की वापसी की एक बड़ी वजह आरबीआई के 10 अक्टूबर के फैसले को माना जा रहा है. केंद्रीय बैंक ने करेंसी डेरिवेटिव्स मार्केट में ऐसे नियम लागू किए, जिनसे रुपये में गिरावट पर दांव लगाना और उससे बचाव के लिए सौदे करना महंगा हो गया. इससे रुपये पर सट्टेबाजी का दबाव कम करने में मदद मिली. आरबीआई के एक दूसरे कदम के तहत सरकारी तेल कंपनियों की डॉलर की मांग को सीधे बाजार से पूरा करने के बजाय केंद्रीय बैंक ने उनके लिए अलग व्यवस्था की. इससे खुले बाजार में डॉलर की मांग का दबाव कम हुआ. 

2. विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में लगाया पैसा

रुपये को मजबूती देने में विदेशी निवेशकों की वापसी भी बड़ी वजह है. नवंबर में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड निवेश किया है. 25 नवंबर तक विदेशी निवेशकों का निवेश करीब 14.28 अरब डॉलर बताया गया. विदेशी निवेशक जब भारतीय शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं तो उन्हें निवेश के लिए रुपये की जरूरत होती है. इसके लिए वे डॉलर बेचकर रुपये खरीदते हैं. इससे रुपये की मांग बढ़ती है और डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा को मजबूती मिलती है. 

3. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मिली राहत

भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से कच्चा तेल खरीदता है. इसके लिए भारतीय कंपनियों को डॉलर में भुगतान करना पड़ता है. ऐसे में जब कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं तो तेल आयात के लिए कम डॉलर की जरूरत पड़ती है. इससे डॉलर की मांग घटती है और रुपये को मजबूती मिलती है. हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और घरेलू बाजार में डॉलर की सप्लाई की बेहतर स्थिति ने भी रुपये की वापसी में मदद की है. 

यह भी पढ़ें | रुपये में ताबड़तोड़ तेजी देख TCS-Infosys जैसी कंपनियों की क्यों बढ़ गई टेंशन?

आगे रुपये की चाल कैसी रह सकती है?

बाजार के जानकारों के मुताबिक, विदेशी निवेश जारी रहने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी बने रहने पर रुपये को आगे भी सहारा मिल सकता है. हालांकि, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल की कीमतों में अचानक तेजी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से रुपये पर दोबारा दबाव आ सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rupee Vs Dollar, Rupee Vs Dollar Exchange Rate
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com