हुरुन ग्लोबल यूनिकॉर्न इंडेक्स 2026 में भारत ने दुनिया के टॉप स्टार्टअप देशों में अपनी जगह बनाए रखी है. इस साल भारत 61 यूनिकॉर्न स्टार्टअप के साथ चौथे स्थान पर रहा. यूनिकॉर्न उन स्टार्टअप्स को कहा जाता है, जिनकी वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर या उससे ज्यादा होती है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका 806 यूनिकॉर्न के साथ पहले स्थान पर है. यह दुनिया के करीब 50% यूनिकॉर्न हैं. चीन 381 यूनिकॉर्न के साथ दूसरे और यूके 70 यूनिकॉर्न के साथ तीसरे स्थान पर है. भारत 61 यूनिकॉर्न के साथ चौथे नंबर पर रहा. भारत में बेंगलुरु 25 यूनिकॉर्न के साथ देश की यूनिकॉर्न कैपिटल बना हुआ है. इसके बाद मुंबई में 13 यूनिकॉर्न हैं.
AI ने बढ़ाई यूनिकॉर्न की रफ्तार
रिपोर्ट में बताया गया है कि AI बूम की वजह से दुनिया में यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स की संख्या बढ़कर 1,603 हो गई है. इन सभी की कुल वैल्यू करीब 8 ट्रिलियन डॉलर है. पिछले एक साल में दुनिया के सभी यूनिकॉर्न की कुल वैल्यू में 43% का इजाफा हुआ है. वहीं टॉप 10 यूनिकॉर्न की कुल वैल्यू 3.9 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है.
दुनिया के सबसे बड़े यूनिकॉर्न कौन हैं?
रिपोर्ट के अनुसार, AI कंपनी एंथ्रोपिक 965 अरब डॉलर की वैल्यूएशन के साथ दुनिया का सबसे बड़ा यूनिकॉर्न है. इसके बाद ओपनएआई 852 अरब डॉलर की वैल्यूएशन के साथ दूसरे और चीन की बाइटडांस 480 अरब डॉलर की वैल्यूएशन के साथ तीसरे स्थान पर है. इस साल दुनिया में 308 नए स्टार्टअप यूनिकॉर्न बने हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 203 थी. हालांकि यह 2021 में बने 700 यूनिकॉर्न से कम है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार AI, रोबोटिक्स और न्यू एनर्जी सेक्टर के कई स्टार्टअप शुरुआत से ही मजबूत वैल्यूएशन के साथ यूनिकॉर्न बने हैं. AI अब ग्लोबल वेंचर कैपिटल का बड़ा हिस्सा बन चुका है. दुनिया के 215 AI यूनिकॉर्न की हिस्सेदारी सभी यूनिकॉर्न की कुल वैल्यू का 36% है. यह संख्या फिनटेक यूनिकॉर्न के लगभग बराबर है.
ये भी पढ़ें: क्या Gen-Z ऑनलाइन डेटिंग पर पैसे नहीं खर्च करना चाहते? फेमस डेटिंग ऐप Bumble पर बिकवाली का साया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं