Hyundai Price Hike 2026: अभी मारुति सुजुकी को अपनी कारों पर दाम बढ़ाए एक हफ्ता भी नहीं बीता कि एक और ऑटो कंपनी ने ग्राहकों को झटका देने की तैयारी कर ली है. हुंडई ने अपनी सभी कारों पर दाम बढ़ाने का फैसला लिया है. इसके चलते 1 जून 2026 से सभी सेगमेंट की कारें 12,800 रुपये महंगी हो जाएंगी. मारुति ने अपनी कारों पर 30 हजार रुपये की बढ़ोतरी की थी.
जैसा हम सभी जानते हैं कि मिडिल ईस्ट में टेंशन के चलते वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल का माहौल बना हुआ है. कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हुईं हैं, नतीजन कई कंपनियों की इनपुट कॉस्ट में इजाफा हुआ है. हुंडई ने दाम बढ़ाने के पीछे 2 बड़ी वजह बताईं हैं.
- इनपुट कॉस्ट में इजाफा
कंपनी की तरफ से बताया गया कि ऑटो सेक्टर में लागत लगातार बढ़ रही है, जिसे कवर कर पाना बहुत ही मुश्किल हो रहा था. ऐसे में कीमतें बढ़ाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा था. हालांकि अभी भी नुकसान जारी है, लेकिन ग्राहकों पर जितना कम प्रेशर पड़े, हम उसकी पूरी कोशिश कर रहे हैं.
- ऑपरेशनल के बढ़ते खर्चे
दूसरी बड़ी वजह में ऑपरेशनल से जुड़े खर्चों में इजाफा बताया है. कंपनी ने बताया कि कार वैश्विक टेंशन के चलते गाड़ी को बनाने वाले ऑपरेशनल खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. जिसके चलते कंपनी पर फाइनेंशियल प्रेशर बढ़ रहा है.
हुंडई की किन गाड़ियों के बढ़े दाम
कंपनी ने बताया है कि सभी सेगमेंट की कारों पर ये बढ़ोतरी लागू होगी. सेडान से लेकर एसयूवी, कॉम्पैक्ट एसयूवी के साथ हैचबैक की कारें इसमें शामिल हैं.
मारुति ने 30 हजार रुपये महंगी की थी अपनी गाड़ियां
इससे पहले मारुति सुजुकी ने अपनी सभी गाड़ियों पर सीधे 30 हजार रुपये बढ़ा दिए थे. कंपनी की तरफ से बढ़ती कॉस्ट के बारे में जानकारी दी गई थी. ऑटो एक्सपर्ट इसके बाद दूसरी कंपनियों के दाम बढ़ाने की बातों पर आशंका जता भी रहे थे. जंग के चलते ऑटो सेक्टर में प्रोडक्शन पर सीधा असर पड़ा है. एक तरफ तेल महंगा हो रहा है और दूसरी तरफ सप्लाई चेन टूटी है. नतीजा ये हुआ कि कंपनी पर दाम बढ़ाने का लगातार प्रेशर बन रहा था.
ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रही रुकावट
मारुति और हुंडई के बाद अब ऐसी आशंका है कि और भी कंपनियां जल्द ही अपनी कारों पर दाम बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं. जीएसटी 2.0 के बाद कई कंपनियों ने ग्राहकों को बड़ी राहत दी थी. लेकिन अब ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रहे उतार-चढ़ाव और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों की वजह से ऑटो कंपनियों पर दबाव साफ दिख रहा है. मारुति सुजुकी के इस फैसले के बाद आने वाले दिनों में दूसरी कार कंपनियां भी अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं