विज्ञापन

ATM सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कैसे मिलती है? जानें कहां करना होता है आवेदन

ATM Security Guard Job: एटीएम सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने की इच्छा कई लोग रखते हैं, लेकिन ज्यादातर को पता ही नहीं होता है कि नौकरी कैसे मिलती है. कुछ लोग इसके लालच में ठगी का शिकार भी हो जाते हैं.

ATM सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कैसे मिलती है? जानें कहां करना होता है आवेदन
एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कैसे मिलती है

एटीएम में जब भी आप पैसे निकालने जाते हैं तो आपने बाहर खड़े सिक्योरिटी गार्ड को जरूर देखा होगा. आमतौर पर तमाम बड़े शहरों के हर एटीएम में एक सिक्योरिटी गार्ड होता है. सिक्योरिटी गार्ड तो तमाम जगहों पर होते हैं, लेकिन एटीएम की सुरक्षा करने का काम कई लोगों को काफी पसंद है, क्योंकि यहां पर ज्यादा चीजें नहीं होती हैं और थोड़ा आराम भी रहता है. हालांकि काफी कम लोगों को पता होता है कि एटीएम गार्ड की नौकरी कैसे मिलती है. आज हम आपको इसका पूरा प्रोसेस बताएंगे. 

कहां करना होता है आवेदन?

सबसे पहले तो ये पता होना जरूरी है कि एटीएम गार्ड की नौकरी के लिए आवेदन कहां करना होगा. इसके लिए अलग-अलग सिक्योरिटी कंपनियां काम करती हैं. इसमें SIS से लेकर G-4S और बाकी तमाम कंपनियां टेंडर लेती हैं. यहीं आपको आवेदन करना होगा. सिक्योरिटी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप नौकरी की जानकारी ले सकते हैं, इसके अलावा उनके रीजनल ऑफिस जाकर भी पता कर सकते हैं. सबसे आसान तरीका है कि आप किसी एटीएम गार्ड से इसकी पूरी जानकारी ले सकते हैं. 

कौन बन सकता है एटीएम गार्ड?

एटीएम गार्ड बनने के लिए कई चीजें जरूरी होती हैं. उम्मीदवार को 10वीं पास होना चाहिए और उसकी उम्र 21 से लेकर 45 साल तक होनी चाहिए. कुछ कंपनियां इसमें छूट भी देती हैं. इसके अलावा वजन को लेकर भी नियम होते हैं. कम से कम 55 किलो वजन जरूरी होता है. गार्ड की ड्यूटी 12 घंटे तक की होती है, ऐसे में शारीरिक रूप से पूरी तरह से फिट उम्मीदवार को ही मौका दिया जाता है. उम्मीदवार का क्रिमिनल रिकॉर्ड भी साफ होना चाहिए. 

15 दिन से 1 महीने की ट्रेनिंग

भारत सरकार के प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसीस रेग्युलेशन एक्ट (PSARA) के तहत किसी को भी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी पर तब तक नहीं रखा जा सकता है, जब तक उसके पास किसी मान्यता प्राप्त सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का ट्रेनिंग सर्टिफिकेट ना हो. हालांकि ये ट्रेनिंग आमतौर पर सिक्योरिटी कंपनी ही देती है और इसमें सिखाया जाता है कि किस हालात में कैसे रिएक्ट करना है. 

दलालों से रहें सावधान

सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी पाने के लिए कई लोग कोशिश करते हैं. ऐसे में कुछ दलाल भी इसका फायदा उठाते हैं और गरीब लोगों को लूटने का काम करते हैं. कुछ लोग नौकरी दिलाने के नाम पर 10 से 20 हजार रुपये लेते हैं और फिर गायब हो जाते हैं. ये बात याद रखें कि कोई भी सिक्योरिटी कंपनी नौकरी देने के लिए पैसा नहीं लेती है. 

यह भी पढ़ें | दो साल के लिए हर महीने मिलेंगे 1 लाख रुपये, जानें किसे मिलती है जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप 

यह भी पढ़ें | स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 25 नवंबर है आखिरी तारीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ATM Security Guard Job, ATM Security Guard Ki Naukri, Security Guard Job
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com