July 2026 GST Collection: देश के अर्थव्यवस्था और सरकारी खजाने के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है. जुलाई 2026 में देश का कुल जीएसटी (GST) कलेक्शन पिछले साल के मुकाबले 15.4% बढ़कर 2,11,205 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. घरेलू बाजार में खरीदारी और इंपोर्ट बढ़ने से टैक्स कलेक्शन में यह बड़ा उछाल दर्ज किया गया है. शनिवार ,1 अगस्त को वित्त मंत्रालय ने ये आंकड़े जारी किए.अगर पिछले साल से तुलना करें, तो जुलाई 2025 में जीएसटी कलेक्शन 1.83 लाख करोड़ रुपये था. वहीं, एक महीने पहले यानी जून 2026 में सरकार को जीएसटी से लगभग 1.95 लाख करोड़ रुपये मिले थे.
जुलाई महीने में सरकार को मिले कुल 2.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी कलेक्शन में से केंद्र सरकार के हिस्से (CGST) में ₹39,835 करोड़ और राज्य सरकारों के हिस्से (SGST) में ₹47,881 करोड़ आए. इसके अलावा, आईजीएसटी (IGST) से सरकार को ₹1.23 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हुई.
आयात और घरेलू कलेक्शन में जोरदार तेजी
आंकड़ों पर नजर डालें तो जुलाई 2026 में घरेलू लेनदेन से मिलने वाला कुल जीएसटी रेवेन्यू 10.1% बढ़कर ₹1.45 लाख करोड़ रहा, जो पिछले साल जुलाई में ₹1.31 लाख करोड़ था. वहीं, विदेशों से होने वाले आयात (Imports) पर मिलने वाले कर में 28.8% की भारी बढ़त दर्ज की गई है. आयात से मिलने वाला टैक्स ₹51,626 करोड़ से बढ़कर ₹66,511 करोड़ पर पहुंच गया है.
रिफंड घटाने के बाद भी तगड़ी कमाई
अगर टैक्स रिफंड (Refunds) को हटा दिया जाए, तो भी सरकार की जेब में शुद्ध जीएसटी राजस्व (Net GST Revenue) 15.8% बढ़कर ₹1.81 लाख करोड़ रहा. पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा ₹1.57 लाख करोड़ था. रिफंड के बाद घरेलू स्तर पर शुद्ध राजस्व 10.5% बढ़कर ₹1.27 लाख करोड़ रहा, जबकि कस्टम्स से जुड़ा शुद्ध जीएसटी 30.3% बढ़कर ₹54,223 करोड़ दर्ज किया गया.
टैक्स रिफंड में भी हुई 13% से ज्यादा की बढ़त
जुलाई के महीने में कुल ₹29,968 करोड़ का जीएसटी रिफंड जारी किया गया, जो पिछले साल (₹26,495 करोड़) से 13.1% अधिक है. इसमें घरेलू स्तर पर दिया गया रिफंड 7.3% बढ़कर ₹17,680 करोड़ रहा. वहीं, ICEGATE के जरिए एक्सपोर्ट से जुड़ा रिफंड 22.7% बढ़कर ₹12,288 करोड़ तक पहुंच गया.
चालू वित्त वर्ष के शुरुआती चार महीनों (अप्रैल से जुलाई 2026) का आंकड़ा भी काफी मजबूत रहा है. इस दौरान कुल जीएसटी कलेक्शन 10.1% की बढ़त के साथ ₹8.43 लाख करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में ₹7.66 लाख करोड़ था. वहीं, इस अवधि के लिए नेट जीएसटी रेवेन्यू 9.2% बढ़कर ₹7.21 लाख करोड़ दर्ज किया गया.
राज्यों से GST कलेक्शन में कहीं बंपर उछाल, तो कहीं गिरावट
देश के प्रमुख राज्यों में जुलाई के दौरान जीएसटी कलेक्शन में अच्छा सुधार देखा गया...
- महाराष्ट्र: ₹32,210 करोड़ (13% की बढ़त)
- गुजरात: ₹12,923 करोड़ (19% की बढ़त)
- कर्नाटक: ₹13,854 करोड़ (12% की बढ़त)
- तेलंगाना: ₹5,819 करोड़ (19% की बढ़त)
- उत्तर प्रदेश: ₹9,651 करोड़ (15% की बढ़त)
हालांकि, कुछ राज्यों के कलेक्शन में कमी भी दर्ज की गई है. तमिलनाडु के जीएसटी कलेक्शन में 1%, आंध्र प्रदेश में 5% और मध्य प्रदेश में 10% की गिरावट आई है. इसके अलावा, सिक्किम में 59%, हिमाचल प्रदेश में 22% और उत्तराखंड में 18% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं