सोने-चांदी की कीमतों ने लोगों को उलझा रखा है. शुक्रवार को तो इसमें न ज्यादा उछाल देखने को मिल रहा, न ही बड़ी गिरावट. वैश्विक अस्थिरता के बीच शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों की शुरुआत लगभग सपाट रही. दोनों कीमती धातुओं में पूरे शुरुआती कारोबार के दौरान ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं दिखा और कीमतें एक सीमित दायरे में बनी रहीं.
सोना पिछले तीन महीनों में 18% से ज्यादा गिर चुका है. वहीं, एक महीने में इसमें 9% और पिछले एक हफ्ते में करीब 3% की गिरावट आई है. चांदी में भी बड़ी कमजोरी देखने को मिली है. पिछले तीन महीनों में चांदी 32% से ज्यादा टूटी है. वहीं, एक महीने में इसमें 21% से ज्यादा और पिछले एक हफ्ते में करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई है.
MCX पर सोना हल्की तेजी के साथ खुला
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अगस्त 2026 वाले सोने के कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत पिछली क्लोजिंग 1,40,348 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 338 रुपए की बढ़त के साथ 1,40,686 रुपए प्रति 10 ग्राम पर हुई. सुबह करीब 9:30 बजे सोना 52 रुपए यानी 0.04% की बढ़त के साथ 1,40,400 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. अब तक के कारोबार में सोने ने 1,40,733 रुपए प्रति 10 ग्राम का सबसे ऊंचा स्तर और 1,40,375 रुपए प्रति 10 ग्राम का सबसे निचला स्तर छुआ. इससे साफ है कि कीमतें फिलहाल एक सीमित दायरे में ही बनी हुई हैं.
चांदी में हल्की गिरावट, लेकिन दायरा सीमित
4 सितंबर 2026 वाले चांदी के कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत 2,16,013 रुपए प्रति किलो की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 745 रुपए की गिरावट के साथ 2,15,268 रुपए प्रति किलो पर हुई. शुरुआती कारोबार में चांदी 582 रुपए यानी 0.27% की कमजोरी के साथ 2,15,431 रुपए प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी. अब तक के कारोबार में चांदी का सबसे निचला स्तर 2,15,233 रुपए प्रति किलो और सबसे ऊंचा स्तर 2,16,230 रुपए प्रति किलो रहा.
इंटरनेशनल मार्केट में भी दबाव
इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है. कॉमेक्स पर सोना 0.02% की हल्की गिरावट के साथ 3,991 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. वहीं, चांदी 1.07% की कमजोरी के साथ 55 डॉलर प्रति औंस पर थी. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव की वजह से ग्लोबल मार्केट में अस्थिरता बढ़ी है. इसका असर सोने और चांदी दोनों पर देखने को मिला है.
ये भी पढ़ें: MP का 'गोल्डेन ग्रेन' बना ग्लोबल स्टार, खाड़ी के देश हो रहे दीवाने, बदल रही किसानों की किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं