सोने की कीमतों में फिर से आग लग गई है... वैश्विक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग से गुरुवार को MCX पर सोने के भाव 7 हफ्ते के ऑल-टाइम हाई के करीब पहुंच चुके हैं. लेकिन असली सवाल यह है कि क्या सोना अब 1.50 लाख के पार निकल जाएगा या फिर यहां से मुनाफावसूली की वजह से भाव गिरेंगे? बाजार के जानकारों ने बता दिया है कि सोने का अगला टारगेट क्या होगा और किस लेवल के नीचे जाने पर मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है..आइए जानते हैं मार्केट एक्सपर्ट्स का क्या कहना है और उन्होंने सोने के लिए कौन से अहम लेवल तय किए हैं
MCX पर ऑल-टाइम हाई के करीब पहुंचा गोल्ड
एमसीएक्स पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना 536 रुपये यानी 0.36 % की बढ़त के साथ 1,49,029 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. कारोबार के दौरान इसका भाव 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया. यह पिछले बंद भाव से 1,207 रुपये यानी 0.81 % ज्यादा था. चांदी में भी शुरुआत में खरीदारी देखने को मिली. सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 2,28,397 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई. यह पिछले बंद भाव से 813 रुपये यानी 0.35 % ऊपर थी. हालांकि बाद में मुनाफावसूली हुई और चांदी 583 रुपये यानी 0.26 % गिरकर 2,27,001 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई.
इंटरनेशनल मार्केट और बॉन्ड यील्ड का असर
कॉमेक्स पर सोना 0.36 % बढ़कर 4,320 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा. वहीं चांदी 0.12 % की बढ़त के साथ 62.36 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दोबारा खुल सकता है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि अमेरिका, ईरान के साथ समझौते की कोशिश कर रहा है.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव कम होता है तो कच्चे तेल की कीमतें नरम पड़ सकती हैं. इससे महंगाई का दबाव कम होगा और अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव भी घट सकता है. इसी वजह से अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट आई है, जिससे सोने को मजबूती मिली.
सोने के लिए 1.50 लाख का स्तर सबसे बड़ा रेजिस्टेंस
टेक्निकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक एमसीएक्स गोल्ड के लिए 1,50,000 रुपये से 1,50,700 रुपये का स्तर सबसे नजदीकी रेजिस्टेंस है. अगर सोना इस दायरे को पार कर जाता है तो अगला लक्ष्य 1,52,200 रुपये से 1,52,800 रुपये तक हो सकता है. वहीं 1,48,600 रुपये से 1,48,000 रुपये का स्तर गोल्ड के लिए सबसे अहम सपोर्ट माना जा रहा है. अगर कीमतें इसके नीचे जाती हैं तो अगला सपोर्ट 1,46,600 रुपये से 1,46,000 रुपये के बीच हो सकता है.
विश्लेषकों का कहना है कि सोने की कीमतें 20, 50, 100 और 200 दिनों की सभी प्रमुख ईएमए के ऊपर बनी हुई हैं. यह बाजार में मजबूत तेजी का संकेत है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर सोना 1,49,000 रुपये के ऊपर टिका रहता है तो 1,50,000 रुपये का स्तर भी पार कर सकता है. लेकिन 1,49,000 रुपये के नीचे आने पर हाल की तेजी के बाद मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है.
चांदी और कच्चे तेल पर भी रखें नजर
एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर चांदी 2,29,000 रुपये के ऊपर मजबूती से टिकती है तो यह 2,31,500 रुपये से 2,32,500 रुपये के अगले रेजिस्टेंस जोन तक जा सकती है. चांदी के लिए 2,25,000 रुपये से 2,24,000 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है. इसके नीचे अगला सपोर्ट 2,22,000 रुपये से 2,21,000 रुपये के बीच हो सकता है.
टेक्निकल संकेतों के अनुसार चांदी अभी 20 ईएमए और 200 ईएमए के ऊपर बनी हुई है. आरएसआई 54 पर है और धीरे-धीरे ऊपर बढ़ रहा है. हालांकि मजबूत तेजी की पुष्टि के लिए 50 ईएमए के ऊपर क्लोजिंग जरूरी मानी जा रही है. इस बीच इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. ब्रेंट क्रूड 0.51 % गिरकर 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया. वहीं अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड करीब 1 % टूटकर 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार करता दिखा.
यह भी पढ़ेंः महंगाई इस महीने बढ़ सकती है, खाने-पीने की कीमतों ने बढ़ाई टेंशन! इस रिपोर्ट ने और क्या बताया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं