- सूरत की में वनस्पति घी, पामोलिन और सोयाबीन तेल में हल्दी मिलाकर नकली देसी घी बेचने का पर्दाफाश हुआ.
- फूड सेफ्टी लैब ने घी को असुरक्षित घोषित किया है.
- पुलिस ने डेयरी संचालक राजेश पटेल को गिरफ्तार कर 34 किलो नकली घी जब्त किया है.
गुजरात के सूरत में त्योहारी सीजन से पहले लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े मिलावटी घी के कारोबार का पर्दाफाश हुआ है. वेड रोड स्थित एक डेयरी में वनस्पति घी, पामोलिन और सोयाबीन तेल में हल्दी मिलाकर उसे शुद्ध देसी घी के नाम पर बेचा जा रहा था. चौक बाजार पुलिस और जोन-3 एलसीबी की संयुक्त कार्रवाई में यह पूरा खेल सामने आया. फूड सेफ्टी लैब की रिपोर्ट में घी को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद डेयरी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. सूरत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वेड रोड की केशव पार्क सोसायटी स्थित जय योगेश्वर डेयरी में नकली घी तैयार किया जा रहा है.

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Photo Credit: NDTV
मिली जानकारी के आधार पर जोन-3 एलसीबी, चौक बाजार पुलिस और सूरत महानगरपालिका के फूड सेफ्टी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापा मारा. रेड के दौरान डेयरी के पिछले हिस्से में स्टील के ड्रम, घी मिक्स करने की मशीन, सीलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हल्दी पाउडर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद हुआ. मौके से तैयार किया गया संदिग्ध घी भी जब्त कर लिया गया.
VIDEO | Gujarat: Gandhinagar Range Police have busted a fake desi ghee manufacturing unit operating at Chhatral GIDC, seizing adulterated palm oil, ready-made fake ghee and chemicals worth Rs 1.67 crore. The factory, allegedly producing counterfeit ghee by mixing palm oil with… pic.twitter.com/x9DpsIIkBQ
— Press Trust of India (@PTI_News) August 6, 2026
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वनस्पति घी में पामोलिन और सोयाबीन तेल मिलाकर उसे गर्म करता था. इसके बाद असली घी जैसा पीला रंग देने के लिए हल्दी मिलाई जाती थी. तैयार मिश्रण को 15-15 किलो के डिब्बों में भरकर मशीन से सील किया जाता और फिर 'शुद्ध देसी घी' बताकर स्थानीय दुकानों और ग्राहकों को बेचा जाता था. आरोपी यह काम रात 10 बजे से लेकर देर रात 1 से 2 बजे के बीच करता था, जिससे किसी सरकारी विभाग या फूड सेफ्टी टीम को इसकी भनक न लगे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह कारोबार करीब एक साल से चल रहा था.

जानलेवा क्वालिटी स्टैंडर्ड!
रेड के दौरान फूड सेफ्टी अधिकारियों ने घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे. रिपोर्ट आने पर पता चला कि घी गुणवत्ता मानकों पर पूरी तरह फेल है और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित है. जांच में घी में नमी की मात्रा तय मानक से काफी कम पाई गई. फ्री फैटी एसिड भी निर्धारित स्तर से कम मिले. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सैंपल में हल्दी और बीटा-सिटोस्टेरॉल जैसे तत्व मिले, जो शुद्ध देसी घी में नहीं होने चाहिए. इसी आधार पर इसे मिलावटी और असुरक्षित घोषित किया गया.
पुलिस ने मौके से करीब 34.05 किलोग्राम नकली घी, कच्चा माल, मशीनरी और मोबाइल फोन सहित 43 हजार 535 रुपये का माल जब्त किया है. इस मामले में डेयरी संचालक राजेश कुमार जगदीशभाई पटेल (42), निवासी वेड रोड और मूल निवासी चाणसमा, जिला पाटन को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ चौक बाजार पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: घर पर कैसे करें असली और नकली घी की पहचान, इस टिप्स को करें फॉलो
पुलिस ने लोगों से की खास अपील...
डीसीपी राघव जैन ने बताया,"हमें जानकारी मिली थी कि वेड रोड पर एक डेयरी में मिलावटी घी बनाया जा रहा है. जांच में घी की लैब रिपोर्ट अनसेफ और अडल्ट्रेटेड पाई गई. आरोपी वनस्पति घी, पामोलिन तेल और हल्दी मिलाकर उसे शुद्ध घी के रूप में बेच रहा था. यह कारोबार पिछले करीब एक साल से चल रहा था. त्योहारों के मद्देनजर लोगों से अपील है कि अगर कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं."
त्योहारों के दौरान घी की मांग तेजी से बढ़ जाती है और ऐसे वक्त में मिलावटखोर लोगों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ करते हैं. सूरत पुलिस की इस कार्रवाई ने न सिर्फ एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह नकली घी किन-किन इलाकों और दुकानों तक सप्लाई किया गया था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है. सूरत में मिलावटी घी के इस खुलासे ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है. पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर लगातार नजर रखी जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Fake Ghee Raid: नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर पुलिस का बड़ा छापा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं