PM Modi on Gold : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देशवासियों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात के दौरान उन्होंने लोगों से कुछ समय तक सोना नहीं खरीदने और गैर जरूरी विदेश यात्रा से बचने की अपील की थी. उन्हें खुशी है कि लोगों ने इस अपील को गंभीरता से लिया और देश के हित में पूरा सहयोग किया.
पीएम बोले- 'शादियों में पुराना सोना इस्तेमाल कर जनता ने पेश की मिसाल'
पीएम मोदी ने कहा कि कई परिवारों ने शादी के लिए नया सोना खरीदने की बजाय पुराने सोने को दोबारा बनवाया. वहीं कई लोगों ने अपनी विदेश यात्रा भी टाल दी. उन्होंने कहा कि यह देशवासियों की जिम्मेदारी और जनभागीदारी की बड़ी मिसाल है.
PM मोदी ने सोना नहीं खरीदने की अपील क्यों की थी?
पिछले महीने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रुपये पर दबाव और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत रखने की जरूरत को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अगले एक साल तक गैर जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की थी.
पीएम मोदी की अपील के बाद कितना सस्ता हुआ सोना और चांदी?
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के समय यानी 8 मई को 10 ग्राम सोने की कीमत 1,51,078 रुपये थी, जबकि चांदी 2,55,600 रुपये प्रति किलो पर थी. इसके बाद 25 जून तक सोना घटकर 1,39,873 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,16,541 रुपये प्रति किलो पर आ गई. यानी इस दौरान सोना 11,205 रुपये और चांदी 39,059 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो गई.
जानें सोने और चांदी के ताजा रेट
सप्ताह के आखिर में सोने और चांदी में हल्की रिकवरी देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एकस्चेंज (MCX) पर अगस्त गोल्ड फ्यूचर करीब 1,44,199 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि जुलाई सिल्वर फ्यूचर 2,22,100 रुपये प्रति किलो के आसपास है.
वहीं IBJA के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1,39,878 रुपये रही. यह सोमवार के शुरुआती भाव 1,46,664 रुपये से काफी नीचे है.हालांकि शुक्रवार को अमेरिका के महंगाई के आंकड़े आने के बाद सोने और चांदी में हल्की तेजी देखने को मिली. इससे पहले इस सप्ताह सोने और चांदी दोनों की कीमत नवंबर 2025 के बाद अपने सबसे निचले स्तर तक पहुंच गई थीं.
विदेशी मुद्रा भंडार में फिर आई बढ़त, गोल्ड रिजर्व कितना बढ़ा?
भारतीय रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 19 जून को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 96.3 करोड डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर हो गया. इससे पहले वाले सप्ताह में इसमें बड़ी गिरावट आई थी.इस दौरान देश के गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में भी जोरदार बढ़ोतरी हुई. भारत का गोल्ड रिजर्व 4.11 अरब डॉलर बढ़कर 107.93 अरब डॉलर पर पहुंच गया. हालांकि विदेशी मुद्रा संपत्ति (एफसीए)घटकर 541.21 अरब डॉलर रह गई.
सोने की कीमतों में आई गिरावट, विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़त और गोल्ड रिजर्व मजबूत होने को अर्थव्यवस्था के लिए काफी पॉजिटिव माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं