- EPFO ने गलतियों के सुधार के लिए नई सुविधा दी है.
- EPFO ने जॉइंट डिक्लेरेशन की सुविधा शुरू की है.
- पीएफ अकाउंट में गड़बड़ी को घर बैठे सुधार सकते हैं.
कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाते में दर्ज नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि या नौकरी शुरू और छोड़ने की तारीख जैसी छोटी सी गलती बाद में परेशानी का कारण बनती है. कई बार इसकी वजह से पीएफ क्लेम अटक जाता है, पुराने पीएफ अकाउंट से नए पीएफ अकाउंट में फंड ट्रांसफर करने में भी परेशानी हो सकती है. इसके अलावा पेंशन का लाभ लेने में असुविधा आ सकती है. इन समस्याओं को दूर करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने खाताधारकों को ऑनलाइन जॉइंट डिक्लेरेशन (Joint Declaration) सुविधा दी है. इस सुविधा के जरिए अब सदस्य बिना परेशानी के घर बैठे अपने पीएफ रिकॉर्ड में सुधार करा सकते हैं.
PF खाते में किन जानकारियों को सुधारा जा सकता है?
जॉइंट डिक्लेरेशन पोर्टल के जरिए से सदस्य अपने पीएफ खाते से जुड़ी कई जानकारियों में ऑनलाइन सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसमें सदस्य का नाम, जन्मतिथि, पिता या पति का नाम, नौकरी जॉइन करने की तारीख, नौकरी छोड़ने की तारीख, रोजगार से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारियां शामिल हैं.

ऑनलाइन सुधार के लिए 5 आसान स्टेप्स
EPFO के आधिकारिक मेंबर सेवादूत पोर्टल पर जाएं. अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN), पासवर्ड और कैप्चा कोड को दर्ज कर लॉगइन करें.
इसके बाद ऊपर के मेन्यू में दिए गए जॉइंट डिक्लेरेशन विकल्प पर क्लिक करें.
आपके स्क्रीन पर अकाउंट से जुड़ी मौजूदा जानकारी दिखाई देगी. जिन ब्योरों (जैसे नाम, जन्मतिथि या जॉइनिंग डेट) में गलती है, उनका चयन करें.
चुने गए विवरण के स्थान पर सही जानकारी दर्ज करें. इसके बाद प्रमाण के तौर पर जरूरी सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या पासपोर्ट) की कॉपी अपलोड करें.
दर्ज की गई नई जानकारी और अपलोड किए गए दस्तावेजों को री-चेक करें. विवरण सही होने पर सबमिट बटन पर क्लिक करें.
इसके बाद आपका आवेदन सत्यापन (Verification) के लिए नियोक्ता (Employer) और संबंधित EPFO ऑफिस को भेज दिया जाएगा.
व्हाट्सएप से भी मिल रही है जानकारी
ईपीएफओ ने अकाउंट धारकों की सुविधा के लिए अपनी आधिकारिक व्हाट्सएप (WhatsApp) सेवा भी सक्रिय की है. सदस्य अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मैसेज भेजकर पीएफ अकाउंट का बैलेंस, पासबुक विवरण और अंतिम 5 लेन-देन का विवरण आसानी से देख सकते हैं.
ईपीएफओ ने सभी खाताधारकों को सलाह दी है कि वे अपने पीएफ खातों के ब्योरे को आधार और अन्य सरकारी दस्तावेजों से समय-समय पर मिला लें और कोई भी विसंगति होने पर तुरंत ऑनलाइन जॉइंट डिक्लेरेशन के जरिए सुधार का आवेदन करें.
यह भी पढ़ें | EPFO का WhatsApp नंबर 8796441800 काम करने लगा, मोबाइल में सेव करें, Hi लिखें और PF सर्विस चालू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं